अपनी फिरकी से बल्लेबाजों को आईपीएल में नचाने वाले दिग्वेश सिंह राठी अब दिल्ली प्रीमियर लीग में भी अपना दम दिखाने के लिए तैयार हैं। इस बार वह अपनी कीमत को लेकर सुर्खियों में हैं। दरअसल उन्हें DPL में आईपीएल से ज्यादा पैसे मिले हैं जिसका मतलब है कि आईपीएल में उनका प्रदर्शन देखने के बाद टीम को भरोसा उन पर बढ़ा है।
इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के ऑक्शन में दिग्वेश सिंह राठी को पहली बार दुनिया ने देखा था। उन्हें लखनऊ सुपर जाएंट्स ने 30 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन उनकी गेंदबाजी उनकी कीमत से कहीं ज्यादा प्रभावी थी जिसके कारण उन्होंने आईपीएल में सुर्खियां बटोरी।
दिग्वेश सिंह राठी दिल्ली प्रीमियर लीग के दूसरे सीजन में खेलने के लिए तैयार हैं। उन्हें दिल्ली सुपरस्टार्स ने खरीदा। दिल्ली सुपरस्टार की टीम ने दिग्वेश सिंह पर भरोसा जताते हुए उन्हें 38 लाख रुपये में खरीदा जो आईपीएल से 8 लाख रुपये अधिक है।
दिग्वेश सिंह राठी ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया था। आईपीएल में उन्होंने 13 मैच में 8.25 की इकोनॉमी से 14 विकेट चटकाए थे।
दिग्वेश सिंह राठी गेंदबाजी के साथ-साथ अपने खास सेलिब्रेशन को लेकर वायरल हुए थे। राठी अक्सर विकेट लेने के बाद बल्लेबाजों को पवेलियन की ओर जाने का इशारा करते थे। इसके चलते उन पर दो मैच में जुर्माना भी लगाया गया था।
दिग्वेश सिंह राठी इस बार दिल्ली प्रीमियर लीग में खेलते नजर आएंगे। पहले सीजन में भी उन्होंने इस लीग में कमाल की गेंदबाजी की थी। उन्होंने पहले सीजन में 14 विकेट चटकाए थे जहां से उन्हें आईपीएल में एंट्री मिली।
दिग्वेश सिंह राठी ने हाल ही में एक लोकल मैच में 5 गेंद में 5 विकेट लेकर सुर्खियां बटोरी थी। लखनऊ टीम के ऑनर संजीव गोयनका ने खुद उनका वीडियो शेयर कर उनकी तारीफ की थी।