महाराष्ट्र की झांकी में गणेश उत्सव के लिए भगवान गणेश की प्रतिमाओं के निर्माण की परंपरा को भव्य रूप से दर्शाया गया। झांकी में राज्य की सांस्कृतिक पहचान और लोक कला की झलक देखने को मिली। मध्य प्रदेश की झांकी में अहिल्याबाई होलकर की विरासत को सम्मान दिया गया। झांकी में उनकी भव्य प्रतिमा और ऐतिहासिक महेश्वर घाट की स्थापत्य कला को दर्शाया गया।
पश्चिम बंगाल की झांकी पश्चिम बंगाल की झांकी ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में राज्य के ऐतिहासिक और अतुलनीय योगदान को प्रदर्शित किया। उत्तर प्रदेश की झांकी में बुंदेलखंड की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित किया गया। लोक जीवन, कला और ऐतिहासिक विरासत झांकी का मुख्य आकर्षण रही।
जम्मू-कश्मीर की झांकी में क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं की झलक दिखाई दी। झांकी ने राज्य की विविधता, सौंदर्य और सांस्कृतिक पहचान को दर्शाया। ‘देव भूमि, वीर भूमि’ थीम पर आधारित हिमाचल प्रदेश की झांकी में राज्य की आध्यात्मिक परंपरा और वीरता को प्रदर्शित किया गया। झांकी में प्राकृतिक सौंदर्य और साहस की भावना साफ नजर आई।
विद्युत मंत्रालय की झांकी में भारत के ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे परिवर्तन को दर्शाया गया। सतत, डिजिटल और विश्वसनीय ऊर्जा प्रणाली की दिशा में भारत की यात्रा को प्रमुखता से दिखाया गया। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की झांकी में भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत शिक्षा के आधुनिक स्वरूप को दिखाया गया। झांकी में ‘विकसित भारत 2047’ की परिकल्पना को रेखांकित किया गया।
DRDO की लंबी दूरी की एंटी-शिप मिसाइल कर्तव्य पथ पर प्रदर्शित की गई। इसके साथ ही दिव्यास्त्र, शक्तिबाण, सूर्यास्त्र और ब्रह्मोस मिसाइल प्रणाली ने भारत की अत्याधुनिक रक्षा क्षमता और सैन्य शक्ति का प्रदर्शन किया।
वरुणा फॉर्मेशन में भारतीय नौसेना का P8I विमान और वायुसेना के दो सुखोई-30 MKI विमान कर्तव्य पथ के ऊपर से गुजरे। इसके बाद अर्जुन फॉर्मेशन और बजरंग फॉर्मेशन में राफेल लड़ाकू विमानों का शानदार फ्लाईपास्ट देखने को मिला।
77वीं गणतंत्र दिवस परेड के सफल समापन के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्य अतिथि उर्सुला वॉन डेर लेयेन और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा के साथ राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना हुईं। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी रवाना हुए।