कई बार हम चेहरे पर दिखने वाले छोटे-छोटे बदलावों को नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन आंखों के आसपास दिखने वाले पीले धब्बे सिर्फ ब्यूटी इश्यू नहीं होते। हेल्थ इंफ्लुएंसर और डाइटिशियन मनप्रीत कालरा के अनुसार यह जैंथेलस्मा हो सकता है, जो बढ़े हुए कोलेस्ट्रॉल की तरफ इशारा करता है। अच्छी बात यह है कि कुछ आसान फूड्स को डाइट में शामिल करके आप इसे कंट्रोल करने की शुरुआत कर सकते हैं।
अगर आंखों के कोनों या पलकों के आसपास हल्के पीले पैच दिख रहे हैं, तो यह शरीर में जमा फैट का संकेत हो सकता है। जब ब्लड में बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ जाता है, तो वह स्किन के नीचे जमने लगता है। इसे हल्के में लेना सही नहीं है, क्योंकि यह आगे चलकर दिल से जुड़ी समस्याओं का जोखिम बढ़ा सकता है।
इसबगोल यानी फाइबर का एक अच्छा सोर्स, जो कोलेस्ट्रॉल को बैलेंस करने में मदद करता है। डाइटिशियन मनप्रीत बताती हैं कि इसे रोजाना पानी या दही के साथ लेने से शरीर से अतिरिक्त फैट बाहर निकलने में मदद मिलती है और पाचन भी सुधरता है।
चिया सीड्स देखने में भले छोटे हों, लेकिन इनमें फाइबर और ओमेगा-3 भरपूर मात्रा में होता है। ये शरीर में सूजन को कम करते हैं और दिल की सेहत को बेहतर बनाते हैं। इन्हें अपनी स्मूदी, ओट्स या पानी में मिलाकर आसानी से लिया जा सकता है।
सुबह का नाश्ता अगर हेल्दी हो, तो दिन की शुरुआत भी अच्छी होती है। ओट्स में मौजूद बीटा-ग्लूकन नाम का फाइबर कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करता है। इसे रोज खाने से धीरे-धीरे शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल कम होने लगता है।
मेथी के बीज पुराने समय से ही सेहत के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। ये ब्लड शुगर के साथ-साथ कोलेस्ट्रॉल लेवल को भी कंट्रोल करने में मदद करते हैं। रातभर भिगोकर सुबह खाली पेट लेने से इसका असर और बेहतर हो सकता है।
ओमेगा-3 फैटी एसिड शरीर में सूजन कम करता है और अच्छे कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने में मदद करता है। इसके लिए आप अलसी के बीज, अखरोट या मछली जैसी चीजों को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।
अगर आपकी आंखों के आसपास पीले धब्बे नजर आ रहे हैं, तो इसे नजरअंदाज करना ठीक नहीं है। यह शरीर का एक संकेत हो सकता है कि अब आपको अपनी डाइट पर ध्यान देने की जरूरत है। डाइटिशियन मनप्रीत के मुताबिक, सही खानपान अपनाकर आप बिना ज्यादा दवाओं के भी कोलेस्ट्रॉल को काफी हद तक कंट्रोल कर सकते हैं। रोज की छोटी-छोटी हेल्दी आदतें आगे चलकर बड़ी बीमारियों से बचा सकती हैं।