Entertainment News Today: मनोरंजन जगत में आज साउथ, बॉलीवुड और हॉलीवुड से कई बड़ी खबरें सामने आई हैं। नानी की ‘द पैराडाइज’ का ट्रेलर रिलीज नहीं होगा, जबकि अजीत कुमार ने ले मैंस रेस से पहले विजय का शुक्रिया अदा किया है। लेडी गागा के मां बनने की खबर भी सामने आई है। अनिल कपूर के साथ कव्वाली करने को लेकर गणेश आचार्य ने अपनी खुशी जाहिर की है। कैलाश खेर ने मुंबई का अपना ऑफिस बेचा है। सेलिना जेटली ने बेटे की कब्र से जुड़ा भावुक पोस्ट लिखा। अनुराग कश्यप की ‘लिटिल थॉमस’, प्रीति जिंटा, निखिल द्विवेदी और एमी विर्क भी अपनी-अपनी वजहों से चर्चा में हैं।
अमीषा पटेल के चर्चगेट स्थित फैमली हाउस में करीब 5 लाख रुपये की सोने और हीरे की ज्वेलरी चोरी होने की खबर है। रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी मां आशा पटेल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने घर में काम करने वाली घरेलू सहायिका को गिरफ्तार किया। आरोपी को विरार से पकड़ा गया और मामले की जांच जारी है।
नानी और श्रीकांत ओडेला की फिल्म ‘द पैराडाइज’ का ट्रेलर रिलीज नहीं किया जाएगा। नानी ने बताया कि टीम के पास फिल्म के ट्रेलर को सही तरीके से तैयार करने के लिए पर्याप्त समय नहीं है। उन्होंने कहा कि इस समय ट्रेलर से ज्यादा जरूरी फिल्म को पूरा करना है। फिल्म 24 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
अजीत कुमार ने ले मैंस कप रेस से पहले तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय का शुक्रिया अदा किया। विजय सिल्वरस्टोन में होने वाली रेस को हरी झंडी दिखाने वाले हैं, जिसमें अजीत हिस्सा ले रहे हैं। अजीत ने मोटरस्पोर्ट्स को बढ़ावा देने और इस खेल पर ध्यान देने के लिए विजय की तारीफ की।
लेडी गागा और उनके मंगेतर माइकल पोलांस्की के घर पहले बच्चे जन्म हुआ। गागा और पोलांस्की लंबे समय से साथ हैं और जुलाई 2024 में उनकी सगाई हुई थी।
गणेश आचार्य ने अनिल कपूर के साथ कव्वाली पर काम करने को लेकर खुशी जताई है। ‘इंडिया के टॉप 1%’ के लिए अनिल कपूर ने पहली बार कव्वाली पर परफॉर्मेंस दी है और गणेश ने इसकी कोरियोग्राफी की है। गणेश ने बताया कि अनिल के साथ इस तरह काम करना वह लंबे समय से चाहते थे।
कैलाश खेर ने मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित अपना ऑफिस 10.75 करोड़ रुपये में बेच दिया है। उन्होंने यह ऑफिस करीब 10 महीने पहले 10.50 करोड़ रुपये में खरीदा था। यानी बिक्री कीमत खरीद से 25 लाख रुपये ज्यादा रही। ये सौदा 9 सितंबर 2026 को रजिस्टर्ड हुआ। ऑफिस का एरिया 2,619 वर्ग फुट बताया गया है।
सेलिना जेटली ने अपने बेटे आर्थर के जन्मदिन पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया। पोस्ट में उन्होंने अपने दिवंगत बेटे शमशेर की कब्र से जुड़ी तस्वीर भी शेयर की। शमशेर आर्थर के जुड़वां भाई थे और जन्म के कुछ समय बाद जन्मजात हृदय संबंधी समस्या के कारण उनका निधन हो गया था।
अनुराग कश्यप बच्चों के सिनेमा में वापसी कर रहे हैं। उनके निर्माण में बनी ‘लिटिल थॉमस’ में गुलशन देवैया और रसिका दुग्गल लीड रोल में हैं। फिल्म का निर्देशन कौशल ओझा ने किया है। कहानी सात साल के थॉमस की है, जो अपने माता-पिता से छोटे भाई की इच्छा रखता है। फिल्म अक्टूबर में रिलीज होगी।
प्रीति जिंटा ने बताया कि उन्हें खुद को पर्दे पर देखना काफी अजीब लगता है। इसी वजह से वह अपनी फिल्में रिलीज होने के बाद दोबारा नहीं देखतीं। अभिनेत्री ने अपनी आने वाली फिल्म ‘वाइब’ को लेकर बातचीत में ये बात कही। फिल्म में वह वंशिका धीर के साथ नजर आएंगी और इसमें प्रीति एक सुपर स्पाई का किरदार निभा रही हैं।
निखिल द्विवेदी की कंपनी सैफ्रन मैजिकवर्क्स को बॉम्बे हाई कोर्ट से अंतरिम राहत मिली है। कोर्ट ने इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन यानी IMPPA के खिलाफ अंतरिम आदेश पारित किया है। ये आदेश 9 सितंबर को जस्टिस अरिफ एस. डॉक्टर ने पारित किया। कोर्ट ने मामले में संशोधित याचिका और अंतरिम आवेदन दाखिल करने की अनुमति भी दी।
एमी विर्क ने कनाडा में उनके काफिले पर गोली चलने की खबरों पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि वो पूरी तरह ठीक हैं और मैं पूरी तरह से ठीक हूं। अब्बॉट्सफोर्ड पुलिस ने भी स्पष्ट किया कि जिस वाहन पर गोली चली, उसका एमी विर्क से संबंध नहीं बताया गया है। उनके पिता कुलजीत सिंह ने भी परिवार के सुरक्षित होने की पुष्टि की।