Dharmendra ko yaad karke bhavuk huye Kapil Sharma: दुनियाभर में अपनी कॉमेडी के लिए मशहूर एक्टर कपिल शर्मा ने कुछ देर पहले ही अपनी नई फिल्म किस किस को प्यार करूं 2 का ट्रेलर दर्शकों के सामने पेश किया। इस ट्रेलर को लॉन्च करने के लिए एक खास इवेंट रखा गया, जिसमें मीडिया भी पहुंची थी। फिल्म किस किस को प्यार करूं 2 के ट्रेलर लॉन्च इवेंट पर कपिल शर्मा ने धर्मेंद्र को याद किया। कपिल ने बताया कि कैसे जब वो टीवी पर अपना शो ला रहे थे तब धर्मेंद्र ने उनकी मदद की थी। कपिल शर्मा ने धर्मेंद्र को पिता सरीखा बताया और बोला कि उनकी मृत्यु के बाद उन्हें ऐसा लग रहा है कि उन्होंने दोबारा अपने पिता को खो दिया है।
बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने कलाकार धर्मेंद्र देओल अब इस दुनिया में नहीं रहे। उन्होंने लम्बी बीमारी के बाद मुंबई में अपनी आखिरी सांस ली। धर्मेंद्र को पीपुल्स एक्टर कहा जाता था क्योंकि वो हर दिल में बसते थे। आम लोगों के साथ-साथ बॉलीवुड एक्टर्स भी उन्हें बहुत प्यार करते थे। कॉमेडियन कपिल शर्मा भी इस लिस्ट में शामिल हैं।
एक्टर कपिल शर्मा अपनी नई फिल्म किस किस को प्यार करूं 2 का ट्रेलर लॉन्च करने के लिए मीडिया के सामने आए थे। इस दौरान उन्होंने धर्मेंद्र की मृत्यु पर भी बात की। जब कपिल शर्मा धर्मेंद्र के बारे में बात की तब वो काफी भावुक नजर आए। कपिल शर्मा ने टीवी की दुनिया में अपना करियर बनाने के लिए भी धर्मेंद्र को शुक्रिया कहा और बताया कि जब वो अपना शो लेकर आ रहे थे तब हीमैन ही उनके पहले गेस्ट बने थे।
एक्टर कपिल शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि जब वो केवल 22 साल के थे तब उनके पिता की मृत्यु हो गई थी। वो उम्र ऐसी होती है जिसमें समझ नहीं होती है। कपिल ने बताया कि समय के साथ धर्मेंद्र से उनका बहुत प्यार हो गया था और उन्होंने हमेशा कॉमेडियन को सपोर्ट भी किया। कपिल शर्मा ने कहा कि जब धर्मेंद्र की मृत्यु की खबर उन्हें मिली तो उन्हें लगा कि उन्होंने दोबारा अपने पिता को खो दिया है।
कपिल शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि जब वो अपना कॉमेडी शो ला रहे थे तब कोई भी हीरो उनके शो पर गेस्ट बनने के लिए राजी नहीं था। उस वक्त धर्मेंद्र ने उनका हाथ थामा और एक बार में ही शो पर गेस्ट बनने के लिए मान गए। कपिल ने बताया कि धर्मेंद्र अपनी फिल्मों में बिजी थे लेकिन फिर भी उन्होंने टाइम निकाला और अपना आशीर्वाद दिया। उन्हीं के आशीर्वाद से वो यहां तक पहुंचे हैं और कॉमेडी की दुनिया में उनका इतना नाम हुआ है।
कपिल शर्मा के पहले गेस्ट होने के साथ-साथ धर्मेंद्र उनके फेवरेट एक्टर भी थे। जब-जब धर्मेंद्र कपिल शर्मा के शो पर गए, उन्होंने कॉमेडियन पर बहुत प्यार लुटाया। धर्मेंद्र जिस तरह से कपिल शर्मा से प्यार करते थे वो टीवी पर हमेशा लोगों ने देखा है। यही कारण है कि कपिल शर्मा ने उन्हें पिता समान बताया और कहा कि एक बार फिर से जीवन में उन्हें ऐसा लग रहा है कि उनके सिर से पिता का साया उठ गया है।