राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद के घर नन्हा सदस्य आया है। उनके घर में पोते ने जन्म लिया है। बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव दूसरी बार पिता बन गए हैं। मंगलवार को उनकी पत्नी राजश्री ने कोलकाता के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में बेटे को जन्म दिया।
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर इस खुशखबरी को साझा किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, सुप्रभात! आखिरकार इंतजार खत्म हुआ! हमारे नन्हे बेटे के आगमन की घोषणा करते हुए बहुत आभारी, धन्य और प्रसन्न हूं। जय हनुमान!
तेजस्वी यादव की बहन रोहिणी आचार्य ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर भतीजे 'जूनियर टूटू' का स्वागत किया। उन्होंने लिखा, आज हमारे परिवार के घर - आंगन में नए नन्हे सदस्य बाल गोपाल जूनियर तेजस्वी पधारे हैं.. प्रिय भाभी राजश्री - भाई तेजस्वी, लाडली कात्यायनी के साथ-साथ हमारे पूरे परिवार व समस्त राष्ट्रीय जनता दल परिवार को हार्दिक बधाई।
तेजस्वी यादव की शादी साल 2021 में राजश्री के साथ दिल्ली में हुई थी। दोनों एक-दूसरे को स्कूल के समय से ही जानते हैं। तेजस्वी यादव साल 2023 में पहली बार पिता बने थे। उनके घर में बेटी का जन्म हुआ था। जिसका नाम कात्यायनी है।
तेजस्वी यादव बेटे के जन्म के मौके पर पहले ही कोलकाता में मौजूद थे। वहीं उनके पिता लालू प्रसाद यादव और मां राबड़ी देवी भी एक दिन पहले ही कोलकाता पहुंचे थे। बता दें कि लालू यादव का परिवार इन दिनों घरेलू कारणों से काफी चर्चा में है। उनके बड़े बेटे और राजद विधायक तेज प्रताप यादव को उनकी एक पोस्ट पर बवाल के बाद पार्टी और परिवार से निकाल दिया गया था। जिसकी घोषणा राजद सुप्रीमो ने सोशल मीडिया पर की थी।