हाल ही में कोयंबत्तूर जिला उपभोक्ता आयोग ने एक ऐसी ही लापरवाही पर एक हाउसिंग फाइनेंस कंपनी को 10 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया। इसी तरह की स्थिति अगर आपके साथ हो जाए, तो सबसे पहले क्या करना चाहिए, कौन-कौन से दस्तावेज जुटाने होते हैं, और बैंक की क्या जिम्मेदारियां हैं आइए जानते हैं?
जब आप होम लोन लेते हैं, तो आपको कई तरह के मूल प्रॉपर्टी डॉक्यूमेंट बैंक में जमा करने पड़ते हैं, जैसे टाइटल डीड, एग्रीमेंट टू सेल, पजेशन लेटर, बिल्डर या सोसायटी का NOC, एप्रूव्ड बिल्डिंग प्लान, एंक्रमब्रेंस सर्टिफिकेट और टैक्स पेमेंट की रसीदें। ये सभी कागज़ात यह साबित करते हैं कि प्रॉपर्टी पर आपका मालिकाना हक़ है, इसलिए बैंक के लिए इन्हें सुरक्षित रखना कानूनी जिम्मेदारी होती है।
लेकिन कई बार मानवीय गलती, दस्तावेजों को गलत जगह रख देना, रिकॉर्ड रूम की अव्यवस्था, आग या पानी जैसी दुर्घटनाओं के कारण ये दस्तावेज खो सकते हैं। इसीलिए विशेषज्ञ हमेशा सुझाव देते हैं कि उधारकर्ता अपने सभी मूल कागज़ात की सत्यापित कॉपी अपने पास जरूर रखें और बैंक में जमा करते समय हर डॉक्यूमेंट की एक लिखित रसीद (Acknowledgement) अवश्य लें, ताकि किसी भी समस्या की स्थिति में आपके पास उसके जमा होने का सबूत मौजूद रहे।
भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) के मुताबिक लोन चुकता होने के 30 दिनों के भीतर बैंक को सभी मूल दस्तावेज वापस करने होते हैं। अगर बैंक देरी करता है, तो उसे प्रति दिन 5,000 रुपये का जुर्माना देना पड़ सकता है। अगर दस्तावेज खो जाते हैं, तो बैंक को डुप्लीकेट दस्तावेज बनवाने की पूरी जिम्मेदारी उठानी होगी।
बैंक को उधारकर्ता की मदद से सभी प्रक्रिया पूरी करनी होती है और इसके लिए अतिरिक्त 30 दिनों का समय मिलता है। अगर समय पर दस्तावेज न दिए जाएं, तो बैंक पर 5,000 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना बढ़ता जाता है, जब तक मामला हल नहीं हो जाता।
अगर बैंक आपके मूल प्रॉपर्टी दस्तावेज खो देता है, तो सबसे पहले आपको लिखित रूप में बैंक के शिकायत निवारण अधिकारी के पास शिकायत दर्ज करनी चाहिए और उसकी पावती लेना जरूरी है। इसके बाद बैंक से यह लिखित पुष्टि अवश्य लें कि दस्तावेज वास्तव में गुम हो चुके हैं, क्योंकि यह भविष्य में किसी भी कानूनी प्रक्रिया में आपकी मदद करेगा।
शिकायत दर्ज करने के बाद बैंक को आपको कुछ महत्वपूर्ण प्रमाण पत्र भी देने होते हैं, जैसे बैंक लेटरहेड पर दस्तावेज खोने का सर्टिफिकेट, यदि लोन पूरा हो चुका है तो लोन बंद होने का प्रमाण पत्र, खोए हुए डॉक्यूमेंट्स की लिस्ट, बैंक की आंतरिक जांच रिपोर्ट (यदि मौजूद हो) और डुप्लीकेट डॉक्यूमेंट्स तैयार करवाने में पूरा सहयोग। इसके साथ ही बैंक को FIR दर्ज करानी होती है और किसी बड़े अखबार में गुमशुदगी का नोटिस भी प्रकाशित करना होता है।
FIR की कॉपी, अखबार में प्रकाशित नोटिस और नोटरी से तैयार हलफनामा आपको आगे की प्रक्रिया में काम आता है। इन सभी दस्तावेजों के साथ आप उप-पंजीयक कार्यालय (Sub-Registrar Office) में आवेदन करते हैं, जहां मामूली शुल्क देकर आपकी प्रॉपर्टी के सर्टिफाइड डुप्लीकेट डॉक्यूमेंट जारी कर दिए जाते हैं।