मारुति ने Victoris को सब्सक्रिप्शन मॉडल के तहत भी उपलब्ध कराया है। इस प्लान की शुरुआती मासिक कीमत 27,707 रुपये है, जिसमें वाहन की कीमत, रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस, मेंटेनेंस और रोडसाइड असिस्टेंस जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
मारुति की Victoris का सीधा मुकाबला मिडसाइज एसयूवी सेगमेंट में मौजूद Hyundai Creta, Kia Seltos, Toyota Urban Cruiser Hyryder, MG Astor और Honda Elevate से होगा। यह कंपनी की Grand Vitara के बाद इस सेगमेंट में दूसरी पेशकश है।
Victoris के टॉप वेरिएंट में एलईडी हेडलाइट्स, फॉग लाइट्स, एलईडी टेललाइट्स, 17-इंच एलॉय व्हील्स और पैनोरमिक सनरूफ जैसे आकर्षक फीचर्स दिए गए हैं। इंटीरियर में 10.1-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.25-इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, डॉल्बी एटमॉस सपोर्ट वाला 8-स्पीकर साउंड सिस्टम, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, एंबियंट लाइटिंग और वायरलेस चार्जिंग की सुविधा मौजूद है।
Victoris में ग्राहकों के लिए तीन इंजन विकल्प दिए गए हैं जिनमें 1.5-लीटर माइल्ड-हाइब्रिड पेट्रोल (103hp), 1.5-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड (116hp) और 1.5-लीटर पेट्रोल-CNG (89hp) शामिल हैं। गियरबॉक्स विकल्पों में 5-स्पीड मैनुअल (CNG), e-CVT (स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड) और 5-स्पीड मैनुअल व 6-स्पीड ऑटोमैटिक (माइल्ड-हाइब्रिड) शामिल हैं। टॉप वेरिएंट्स में ऑल-व्हील-ड्राइव (AWD) का विकल्प भी मिलता है।
मारुति Victoris की ईंधन क्षमता भी इसे खास बनाती है। स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड के साथ 28.56 kmpl और CNG के साथ 27.02 km/kg और माइल्ड हाइब्रिड के साथ 21.18 kmpl (MT), 21.06 kmpl (AT) और 19.07 kmpl (AWD AT) की माइलेज मिलेगी।
मारुति Victoris को सुरक्षा के लिहाज से बेहद मजबूत बनाया गया है। यह कंपनी की पहली कार है जिसमें लेवल-2 ADAS तकनीक उपलब्ध है। इसमें छह एयरबैग, ABS विद EBD, 360-डिग्री कैमरा, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम और ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट्स जैसी सुविधाएं दी गई हैं। खास बात यह है कि Victoris को भारत NCAP और ग्लोबल NCAP दोनों में ही 5-स्टार क्रैश टेस्ट रेटिंग प्राप्त हुई है।
Maruti Victoris की शुरुआती कीमत 10.5 लाख रुपये है, जबकि टॉप वेरिएंट की कीमत 19.99 लाख रुपये रखी गई है।