सरकार बनाने के लिए संपर्क में BJP-JDU के नेता, इस दिन हो सकती है नीतीश कुमार की ताजपोशी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 12, 2020, 10:30 AM IST

सरकार बनाने की कवायद के क्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जयसवाल और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने बुधवार को माझी से उनके आवास पर मुलाकात की। नीतीश कुमार 16 नवंबर को शपथ ले सकते हैं।

सरकार बनाने के लिए संपर्क में BJP-JDU के नेता, इस दिन हो सकती है नीतीश कुमार की ताजपोशी

पटना : बिहार चुनाव में बहुमत हासिल करने के बाद सरकार बनाने के लिए एनडीए में सुगबुगाहट शुरू हो गई है। रिपोर्टों की मानें तो सरकार के भावी रूप को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल-यूनाइटेड (जेडी-यू) के शीर्ष नेता एक दूसरे के संपर्क में हैं और सरकार गठन की प्रक्रिया पर चर्चा कर रहे हैं। हिंदुस्तान आवाम मोर्चा के मुखिया जीतन राम माझी आज अपने आवास पर पार्टी विधायकों के साथ बैठक करने वाले हैं। 

125 सीटों पर जीता है एनडीए
सूत्रों की मानें तो इस बातचीत में राज्यपाल से मुलाकात सरकार बनाने का दावा करने का मुद्दा भी शामिल है। सूत्र यह भी बताते हैं कि नीतीश कुमार दिवाली के बाद आगामी 16 नवंबर को शपथ ग्रहण कर सकते हैं। पूर्ण कालिक मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार का यह चौथा कार्यकाल होगा। गत मंगलवार को आए चुनाव नतीजों में एनडीए ने जीत दर्ज की। राज्य में विधानसभा की 243 सीटों पर हुए चुनाव में एनडीए 125 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूपु में उभरा है। इस चुनाव में महागठबंधन को 110 सीटें  मिली हैं। एनडीए में भाजपा को 74 और जेडीयू को 43 सीटें मिली हैं। 

माझी से मिले भाजपा एवं जद-यू नेता
सरकार बनाने की कवायद के क्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जयसवाल और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने बुधवार को माझी से उनके आवास पर मुलाकात की। सूत्रों को कहना है कि इस बैठक में आगामी सरकार में माझी की पार्टी प्रतिनिधित्व के मुद्दे पर चर्चा हुई। बिहार में एनडीए को मिली जीत पर नीतीश कुमार ने बुधवार शाम इस जीत का श्रेय राज्य की जनता को दिया। 

नीतीश बोले-जनता मालिक है
अपने एक ट्वीट में नीतीश ने कहा, 'जनता मालिक है। उन्होंने एनडीए को जो बहुमत प्रदान किया, उसके लिए जनता-जनार्दन को नमन है। मैं पीएम श्री नरेंद्र मोदी जी को उनसे मिल रहे सहयोग के लिए धन्यवाद करता हूं।'

पटना से दिल्ली तक जश्न
बिहार में शानदार जीत का जश्न पटना से लेकर दिल्ली तक मनाया गया। दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में पीएम मोदी ने बुधवार शाम पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस मौके पर पीएम ने कहा, 'आज भाजपा ही देश की एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी है, जिसमें गरीब, दलित, पीड़ित, शोषित, वंचित, अपना प्रतिनिधित्व देखते हैं। आज भाजपा ही देश की एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी है, जो समाज के हर वर्ग की आवश्यकताओं को समझती है, उनके लिए काम कर रही है।'

पीएम मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया
उन्होंने आगे कहा, 'आज भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जो राष्ट्रीय आकांक्षाओं के साथ ही हर क्षेत्र के गौरव को भी उतने ही गर्व के साथ अपने साथ लेकर चलती है। देश के नौजवानों को सबसे ज्यादा भरोसा किसी पर है तो वो भाजपा है। दलितों-पीड़ितों-शोषितों की अगर कोई आवाज है, तो वो भाजपा है।' पीएम ने राजनीति में वंशवाद पर भी तीखा हमला बोला।'
 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!