Greater Noida Crime News: ग्रेटर नोएडा में कमरे में मिला युवती का शव, साथ रहने वाला युवक गायब, हत्या की आशंका

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 10, 2022, 09:54 PM IST

Greater Noida Police: ग्रेटर नोएडा में एक युवती की बंद कमरे में लाश मिली है। उसके साथ रहने वाला युवक गायब है। मकान मालिक ने बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है।

Greater Noida Crime News: ग्रेटर नोएडा में कमरे में मिला युवती का शव, साथ रहने वाला युवक गायब, हत्या की आशंका

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा बीटा टू थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। देर रात सेक्टर गामा -1 के एक मकान में बंद कमरे में एक युवती का शव मिला है। कमरे से बदबू आने पर मकान मालिक ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरा खोला तब बोरे में एक युवती का शव मिला। पुलिस जांच शुरू की तो पता चला कि, युवती के साथ रहने वाला युवक फरार चल रहा है। पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बता दें कि, हत्या कर शव को बोरे में छुपाने की आशंका जताई जा रही है। शव करीब तीन दिन पुराना है। अभी फरार चल रहे युवक पर ही हत्या का शक जताया जा रहा है। पुलिस मामले में जांच-पड़ताल कर रही है।

भाई बहन बताकर रह रहे थे युवक-युवती

मिली जानकारी के अनुसार, मकान के थर्ड फ्लोर के कमरे में लाश मिली है। मकान मालिक ने युवती का नाम अवनी बताया है। जिसकी उम्र करीब 21 वर्ष थी। मकान मालिक ने बताया कि, उसके साथ एक युवक आशीष रंजन रहता था। यह दोनों एक दूसरे को चचेरा भाई -बहन बताते थे। फिलहाल आशीष मौके से गायब है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस का मानना है कि, इन लोगों ने अपनी पहचान भी छुपाई थी और अपने रिश्ते के बारे में भी मकान मालिक को सही जानकारी नहीं दी थी।

पुलिस ने कमरे से जुटाए साक्ष्य

जानकारी के लिए बता दें कि, बीटा -2 थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया है कि, महिला के शव को बोरे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने भी जांच पड़ताल की है। मामले में काफी साक्ष्य जुटाए गए हैं। महिला के साथ रह रहे युवक की तलाश की जा रही है। इस प्रकरण में आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस जल्द ही किसी नतीजे पर पहुंचेगी।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!