नारायण राणे के बयान के बाद माहौल गरम, मुंबई में भाजपा-शिवसेना कार्यकर्ता आमने-सामने 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 24, 2021, 12:22 PM IST

Shivsena Protest in Mumbai: सीएम उद्धव ठाकरे पर नीतीश राणे के विवादित बयान के बाद शिवसेना कार्यकर्ताओं ने मुंबई, नासिक, पुणे और औरंगाबाद में विरोध प्रदर्शन किया है। मुंबई में राणे के घर के बाहर प्रदर्शन हुआ है।

मुंबई : मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के विवादित बयान के बाद शिवसेना सड़कों पर उतर आई है। शिवसेना कार्यकर्ताओं ने मुंबई, नासिक, पुणे और औरंगाबाद में प्रदर्शन किया है। मुंबई में नारायण राणे के आवास के बाहर शिवसेना कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ उनकी झड़प हुई। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। यहां भाजपा और शिवसेना कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। झड़प में दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी खबर है। 

नासिक में भाजपा कार्यालय पर पत्थरबाजी
नासिक में भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय पर शिवसेना कार्यकर्ताओं ने पत्थरबाजी की है। अपने खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज होने और गिरफ्तारी की तलवार लटकने के बाद केंद्रीय मंत्री राणे ने बयान दिया है। राणे का कहना है कि बयान देकर उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है, इस बयान की जांच नासिक के कमिश्नर कर सकते हैं। राणे खिलाफ नासिक के अलावा पुणे में भी एफआईआर दर्ज हुई है।

राणे पर लटकी है गिरफ्तारी की तलवार
सूत्रों का कहना है कि अपने खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद राणे अपने वकीलों से राय ले रहे हैं। इस मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए वह बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटा सकते हैं। उन्होंने कहा है कि वह कोई आम आदमी नहीं हैं। उन्हें बदनाम करने वालों के खिलाफ वह कार्रवाई करेंगे। मुंबई में शिवसेना के युव कार्यकर्ताओं ने राणे के खिलाफ नारेबाजी की है। शिवसेना के विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए मुंबई पुलिस ने जगह-जगह नाकेबंदी की है। 

कैबिनेट से राणे को हटाने की मांग
शिवसेना सांसद विनायक राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर राणे को कैबिनेट से हटाने की मांग की है। नासिक के पुलिस कमिश्नर दीपक पांडे ने कहा कि यह गंभीर मामला है। केंद्रीय मंत्री के खिलाफ कार्रवाई के लिए यहां से एक टीम रवाना कर दी गई है। राणे को कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा। कोर्ट के फैसले का हम सम्मान करेंगे। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!