Mumbai Local Trains: आज से एक बार फिर शुरू हो रही मुंबई लोकल ट्रेन सेवा, सिर्फ इन लोगों को इजाजत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 15, 2020, 10:15 AM IST

Mumbai Local Trains Services: देशभर में लॉकडाउन लगने के बाद बंद हुई मुंबई लोकल ट्रेन सेवा आज एक बार फिर से शुरू हो रही है। हालांकि अभी ये सिर्फ आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों के लिए है।

Mumbai Local Trains: आज से एक बार फिर शुरू हो रही मुंबई लोकल ट्रेन सेवा, सिर्फ इन लोगों को इजाजत

नई दिल्ली: आज से एक बार फिर मुंबई में लोकल ट्रेन सेवाएं शुरू हो रही हैं। हालांकि अभी ट्रेन में उन्हीं लोगों को सफर करने की इजाजत होगी जो आवश्यक सेवाओं से जुड़े हुए हैं। पश्चिम रेलवे ने कहा है कि आम यात्रियों को इन ट्रेनों में जाने की अनुमति नहीं है और लोगों से स्टेशनों पर भीड़ नहीं लगाने को कहा गया है।

पश्चिम रेलवे पीआरओ ने बताया, 'पश्चिम रेलवे और मध्य रेलवे ने आवश्यक कर्मचारियों के लिए अपनी चयनित उपनगरीय सेवाओं को फिर से शुरू करने का फैसला किया है। ये विशेष उपनगरीय सेवाएं आम जनता के लिए नहीं बल्कि राज्य सरकार द्वारा तय किए गए आवश्यक कर्मचारियों के लिए होंगी।' 

1.25 लाख लोग करेंगे सफर

ट्रेनें 15 मिनट के अंतराल के साथ सुबह 5:30 बजे से रात 11:30 बजे तक चलेंगी। रेलवे ने कहा, 'चर्चगेट और विरार के बीच अधिकतम ट्रेनें चलेंगी, लेकिन कुछ दहानू रोड तक भी चलेंगी।' कहा गया है कि आवश्यक सेवाओं में लगे 1.25 लाख लोगों के इन ट्रेनों में यात्रा करने की संभावना है। जिन लोगों के पास लोकल ट्रेनों में यात्रा करने के लिए सीजन पास हैं, वे उनका उपयोग कर सकते हैं, भले ही उनकी अवधि समाप्त हो गई हो, क्योंकि लॉकडाउन के कारण वैधता बढ़ा दी गई है।  

एक ट्रेन में 700 यात्री करेंगे यात्रा

रेलवे स्टेशन आने वाले लोगों को अपने पहचान पत्र दिखाने होंगे जिससे स्पष्ट रूप से ये साबित हो सके कि वो सरकार द्वारा परिभाषित आवश्यक सेवाओं के तहत आते हैं। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए जो एक ट्रेन 1,200 यात्रियों को ले जा सकती है, अब केवल 700 ले जाएगी। लोकल ट्रेनें मुंबई की जीवन रेखा हैं। कोरोना वायरस महामारी से पहले लाखों लोग रोजाना इन ट्रेनों में यात्रा कर अपने काम पर पहुंचते थे। लॉकडाउन लगते ही ये सेवा बंद हो गई थी। 

सेंट्रल रेलवे (CR) और वेस्टर्न रेलवे (WR)ने मिलकर 450 सेवाएं शुरू की हैं। डब्ल्यूआर के प्रवक्ता रविंद्र भाकर ने कहा, डब्ल्यूआर अपनी 12 कार उपनगरीय सेवाओं के 60 जोड़े चलाएगा, यानी कुल 120 सेवाएं चर्चगेट और दहानू रोड के बीच दोनों दिशाओं में चलेंगी। वहीं सीआर के प्रवक्ता शिवाजी सुतार ने कहा, सीआर अपनी मुख्य लाइन पर दोनों ओर 100 सेवाएं चलाएगा। यह सेवाएं छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से ठाणे, कल्याण, कर्जत और कसारा के बीच और हार्बर लाइन के दोनों ओर 70 सेवाएं यानी छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और पनवेल के बीच चलेंगी।

सीआर-डब्ल्यूआर के संयुक्त बयान में आगे कहा गया, लोगों से अनुरोध किया जाता है कि स्टेशनों पर जल्दबाजी न करें और चिकित्सा और सामाजिक प्रोटोकॉल का पालन करें, जैसा कि कोविड-19 के लिए अनिवार्य है।

राज्य सरकार चाहती थी- शुरू हो सेवा

इससे पहले मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मुंबई महानगर क्षेत्र में उपनगरीय ट्रेन सेवाओं को फिर से शुरू करने की आवश्यकता दोहराई थी। उन्होंने कहा कि फ्रंटलाइन वर्कर्स को आवागमन करना मुश्किल हो रहा है और कई लोग सार्वजनिक परिवहन की अनुपस्थिति के कारण ड्यूटी में शामिल नहीं हो पाए हैं। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने भी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान आवश्यक सेवाओं में शामिल लोगों के लिए रेलवे सेवाओं कों शुरू करने का अनुरोध किया था। बैठक के बाद टोपे ने कहा, 'मैंने आवश्यक और आपातकालीन सेवाओं के लिए उपनगरीय रेलवे सेवाओं की अपनी मांग को दोहराया है। मुझे विश्वास है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री प्रधानमंत्री के साथ इस पर चर्चा करेंगे।'

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!