महाराष्ट्र लॉकडाउन: मुंबई, पुणे सहित महाराष्‍ट्र के कई जिलों में 31 मई तक बढ़ा लॉकडाउन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 15, 2020, 10:31 AM IST

Lockdown Extention in Maharashtra: महाराष्‍ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने यहां कई जिलों में 31 मई तक लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला किया है।

महाराष्ट्र लॉकडाउन: मुंबई, पुणे सहित महाराष्‍ट्र के कई जिलों में 31 मई तक बढ़ा लॉकडाउन
Photo Credit: AP, File Image

मुंबई : महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के गहराते संकट को देखते हुए सरकार ने मुंबई, पुणे, मालेगांव, औरंगाबाद और सोलापुर जैसे हॉटस्पॉट क्षेत्रों में लॉकडाउन 31 मई तक बढ़ाने का फैसला किया है। इस बारे में गुरुवार को मुख्‍यमंत्री उद्धव ठाकरे की अध्यक्षता में हुई बैठक में विस्‍तृत चर्चा की गई और फिर यह फैसला लिया गया। बैठक में उपमुख्यमंत्री अजीत पवार, जल संसाधन मंत्री जयंत पाटिल, शहरी विकास मंत्री एकनाथ शिंदे, उद्योग मंत्री सुभाष देसाई, राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट और पीडब्ल्यूडी मंत्री अशोक चव्हाण भी उपस्थित थे।

17 मई को समाप्‍त हो रहे लॉकडाउन 3.0
राज्य सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि महाराष्‍ट्र के बाकी हिस्सों में केंद्र के दिशानिर्देशों को लागू किया जाएगा, जो 17 मई को समाप्‍त हो रहे लॉकडाउन 3.0 से पहले घोषित किए जाने वाले हैं। लॉकडाउन के चौथे चरण चरण को लेकर केंद्र की ओर से आज दिशा-निर्देश दिए जाने की संभावना है। इससे पहले केंद्र ने राज्‍यों से इस बारे में सुझाव मांगे थे कि 17 मई को समाप्‍त हो रहे लॉकडाउन 3.0 के बाद कितनी छूट दी जाए। राज्‍यों से इस बारे में अपने सुझाव 15 मई तक प्रदान करने के लिए कहा गया था।

महाराष्‍ट्र में संक्रमण के सबसे अधिक केस
यहां उल्‍लेखनीय है कि महाराष्‍ट्र में कोरोना वायरस महामारी कहर ढा रही है। देश में संक्रमण के सबसे अधिक मामले महाराष्‍ट्र में ही हैं। यहां कोरोना वायरस से मौतों का आंकड़ा भी अन्‍य राज्‍यों के मुकाबले सबसे ज्‍यादा है। केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने शुक्रवार को जो राज्‍यवार आंकड़े दिए हैं, उसके अनुसार महाराष्‍ट्र में संक्रमण के कुल 27,524 मामले हैं, जबकि 1,019 लोगों की अब तक जान गई है।

यह भी गौरतलब है कि देश में पहली बार लॉकडाउन की घोषणा 25 मार्च को 14 अप्रैल तक के लिए की गई थी। इसके बाद इसे 3 मई तक और फिर 17 मई तक बढ़ा दिया गया था। अब एक बार फिर इसे बढाए जाने की चर्चा है। हालांकि इस बार उन इलाकों में अपेक्षाकृत अधिक छूट हासिल हो सकती है, जहां संक्रमण के मामले कम हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!