महाराष्ट्र: लॉकडाउन के बीच मुंबई में सड़कों पर उतरा वाहनों का 'सैलाब', CM भी हैरान, दे डाली चेतावनी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 31, 2021, 07:38 PM IST

महाराष्‍ट्र में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने 15 जून तक लॉकडाउन की अवधि में विस्‍तार की घोषणा की है। इसके अगले ही दिन मुंबई की सड़कों पर जिस तरह वाहन देखे गए हैं, वह चौंकाने वाला है।

महाराष्ट्र: लॉकडाउन के बीच मुंबई में सड़कों पर उतरा वाहनों का 'सैलाब', CM भी हैरान, दे डाली चेतावनी
Photo Credit: ANI

मुंबई : महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रविवार को राज्य में 15 दिनों के लिए लॉकडाउन की अवधि बढ़ाए जाने की घोषणा की थी। इस दौरान विभिन्‍न जिलों में मामलों के आधार पर 'मामूली छूट' भी दी गई। इसके एक दिन बाद ही मुंबई की सड़कों पर वाहनों का सैलाब उमड़ पड़ा, जिसे देखकर सीएम ठाकरे ने भी हैरानी जताई है। साथ ही उन्‍होंने चेतावनी भी दे डाली है।

सीएम ठाकरे ने हालात पर हैरानी जताते हुए कहा, 'मैं आज मुंबई में ट्रैफिक देखकर हैरान हूं। मुझे हैरानी हो रही है, क्‍या मैंने बीती राहत प्रतिबंधों को हटाने के बारे में कुछ भी कहा था, मैंने ऐसा नहीं कहा था। अगर इसी तरह जारी रहा तो कड़े प्रतिबंध लगाने पड़ेंगे।'

मुंबई में हैवी ट्रैफिक

सीएम ठाकरे की यह प्रतिक्रिया मुंबई में कांदीवली इलाके के नजदीक वेस्‍टर्न एक्‍सप्रेस हाइवे पर हैवी ट्रैफिक की तस्‍वीरें सामने आने के बाद आई है। जो तस्‍वीरें सामने आई हैं, उसमें देखा जा सकता है कि मुंबई की सड़कों पर किस तरह दोनों ओर बड़ी संख्‍या में वाहन हैं।

सीएम ठाकरे ने रविवार को महाराष्‍ट्र में 15 जून तक लॉकडाउन बढ़ाने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि इस बार जिलों के मामलों के आधार पर कुछ छूट और प्रतिबंध लागू होंगे। आवश्यक दुकानें, जिन्हें इस समय सुबह 7 से 11 बजे के बीच खोलने की अनुमति है, उन्‍हें अब सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच संचालन की अनुमति दी जा सकती है।

सीएम ने यह भी कहा कि कोरोना वायरस से संक्रमण के रोजाना आने वाले मामलों में कमी आने के बावजूद राज्‍य में अब भी उतने मामले आ रहे हैं जितने कोविड-19 की पहली लहर के दौरान तब सामने आ रहे थे, जब यह चरम पर था। राज्‍य के कुछ जिलों में संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। हमें सतर्क और चौकस रहने की जरूरत है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!