Lakhimpur:लखीमपुर खीरी में मारे गए किसानों के लिए 'अंतिम अरदास' में पहुंचे प्रियंका गांधी सहित कई नेता 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 12, 2021, 04:44 PM IST

Priyanka Gandhi's visit Lakhimpur Kheri : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मंगलवार को एक बार फिर लखीमपुर खीरी पहुंची। वह हिंसा में मारे गए किसानों के लिए आयोजित 'अंतिम अरदास' में शामिल हुईं।

Lakhimpur:लखीमपुर खीरी में मारे गए किसानों के लिए 'अंतिम अरदास' में पहुंचे प्रियंका गांधी सहित कई नेता 
Photo Credit: PTI

लखनऊ : गत तीन अक्टूबर को लखीमपुर खीरी हिंसा में मारे गए चार किसानों को श्रद्धांजलि देने के लिए तिकोनिया में मंगलवार को 'अंतिम अरदास' (प्रार्थना सभा) का आयोजन किया गया है। इस प्रार्थना सभा में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, अजय कुमार लल्लू सहित कांग्रेस के कई नेता पहुंचे। इस सभा में संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के कई किसान नेता भी मौजूद रहे। प्रार्थना सभा में नेताओं के जमावड़े को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए थे। लखनऊ-सीतापुर लखीमपुर हाईवे पर पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई। 

लखीमपुर खीरी के तिकोनिया में प्रार्थना सभा

प्रार्थना सभा का आयोजन लखीमपुर खीरी के तिकोनिया स्थित उसी स्थान पर किया गया है, जहां पर हिंसा हुई थी। बताया जा रहा है कि इस सभा में अलग-अलग किसान संगठनों के कई नेता शामिल हुए। भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के नेता राकेश टिकैत पहले ही तिकोनिया पहुंचे थे। बीकेयू टिकैत के जिला उपाध्यक्ष बलकार सिंह ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के मंच पर किसी नेता को आने की इजाजत नहीं दी जाएगी।  

कई राज्यों के किसान शामिल

सामूहिक अंतिम प्रार्थना में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड के किसानों के शामिल हुए। अंतिम प्रार्थना के लिए राकेश टिकैत सहित किसान नेताभी यहां पहुंचे। रालोद के राष्ट्रीय सचिव अनिल दुबे ने कहा था कि उनकी पार्टी के नेता जयंत चौधरी का मंगलवार को लखीमपुर जाने का कार्यक्रम है।

प्रार्थना सभा में कांग्रेस के कई नेताओं की मौजूदगी 

इससे पहले उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अशोक सिंह ने कहा था, 'कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी 'अंतिम अरदास' में शामिल होने लखीमपुर खीरी जाएंगी। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अजय कुमार लल्लू, राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर, रोहित चौधरी, पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी और उप्र विधान सभा में कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा और विधान परिषद में कांग्रेस के दल नेता दीपक सिंह समेत कई प्रमुख नेता भी जाएंगे।'

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!