योगी सरकार का पहला बड़ा फैसला, अगले 3 महीनों के लिए बढ़ाई गई फ्री राशन व्यवस्था

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 26, 2022, 11:15 AM IST

Free Ration Scheme: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक के बाद अहम फैसला लिया है। सरकार ने फ्री राशन योजना को तीन महीने और बढ़ा दिया है।

योगी सरकार का पहला बड़ा फैसला, अगले 3 महीनों के लिए बढ़ाई गई फ्री राशन व्यवस्था

उत्तर प्रदेश की दोबारा कमान संभालते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट ने बड़ा फैसला लिया है। योगी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुद इसकी जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना काल से शुरू की गई फ्री राशन योजना को तीन महीने के लिए बढ़ा दिया गया है। शपथ ग्रहण के अगले दिन ही यानी आज उन्होंने अपनी नई कैबिनेट के साथ बैठक की जिसके बाद यह फैसला लिया गया।

सीएम योगी ने दी जानकारी

 सीएम योगी ने कहा, 'कोरोना काल में देश के हर नागरिक के लिए एक संबल प्रदान करते हुए प्रधानमंत्री अन्न योजना आरम्भ की थी। इस योजना के तहत देश के 80 करोड़ नागरिक लाभ ले रहे थे। अप्रैल 2020 से लेकर मार्च 2022 तक लगभग 15 महीनों तक इस योजना का लाभ सभी को देश के अंदर प्राप्त हुआ। उत्तर प्रदेश के अंदर 15 करोड़ लोग इसका लाभ लेते थे। उत्तर प्रदेश सरकार ने अंत्योदय तथा गृहस्थ लाभार्थी जिनकी संख्या 15 करोड़ है, के लिए योजना अपनी तरफ से शुरू की थी अप्रैल 2020 में तीन महीनों के लिए उस समय लागू किया और बाद में उसे बढ़ाकर पहले तीन माह फिर अगले चार महीने के लिए राज्य सरकार ने बढ़ाई थी।'

क्या है फ्री राशन व्यवस्था

 सीएम योगी ने बताया, 'पहले यह योजना मार्च 2022 तक ही थी इसलिए इस योजना को जिसके तहत यूपी के 15 करोड़ जनता को, अंत्योदय परिवार को 35 किलो खाद्यान्न, पात्र गृहस्थी के परिवारों को प्रति व्यक्ति 5 किलो खाद्यान्न प्राप्त होता है। राज्य शासन ने इसके साथ ही प्रत्येक परिवार को 1 किलो दाल, 1 किलो रिफाइंड तेल, 1 किलो आयोडाइज्ड नमक भी उपलब्ध कराया था। इसके साथ अंत्योदय परिवारों को एक किलो चीनी भी राज्य शासन ने अपने स्तर पर प्रदान की थी। यह योजना मार्च 2022 तक ही थी, आज मंत्रिमंडल ने निर्णय लिया है कि इस योजना को अगले तीन महीने तक फिर चलाएंगे।  यह फैसला 15 करोड़ की जनता को समर्पित है। सरकार पहले भी जनता के साथ खड़ी रही. कोरोना जैसी महामारी के समय भी पूरी मदद की।'

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!