Why do Indian groom carry sword: भारत में शादी को सात जन्मों का बंधन माना जाता है। इसी कारण किसी भी इंसान की शादी उसके जीवन का सबसे खास पल होता है। इस खास पल को और भी खास बनाने के लिए वो सब किया जाता है जो कर सकते हैं। भारतीय शादियों में कई रंग नजर आते हैं। शादी के दिन जब दूल्हा सेहरा बांधकर सजी-धजी घोड़ी पर सवार हो अपनी दुल्हनिया लेने निकलता है तो उसकी शान देखते ही बनती है। ढोल-नगाड़ों की धुन, रिश्तेदारों की खुशी और बैंड-बाजे के बीच दूल्हा किसी राजकुमार से कम नहीं लगता। इतना ही नहीं उसके हाथ में एक चमचमाती तलवार भी होती है। यह तलवार न सिर्फ उसकी सजावट का हिस्सा होती है बल्कि एक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परंपरा की जिंदा मिसाल भी है। लेकिन यहां कई लोगों के मन में सवाल उठता है कि बारात में दूल्हा तलवार लेकर क्यों चलता है? क्या यह केवल रस्म है या इसके पीछे कोई खास कारण है? आइए आज इस सवाल का सही जवाब जान लेते हैं।
भारतीय समाज की मान्यताएं और उसकी सामाजिकता को समझें तो दूल्हे के तलवार लेकर चलने की परंपरा के पीछ तीन तरह के कारण नजर आएंगे। गांव देहात के पुराने लोग भी इन्हीं कारकों पर जोर देते हैं। आइए समझते हैं विस्तार से:

शादी में तलवार का महत्व
1. शौर्य और रक्षा का प्रतीक
सदियों तक भारत में तलवार सिर्फ एक हथियार भर ही नहीं बल्कि एक योद्धा की पहचान हुआ करती थी। खासतौर से क्षत्रीय समाज में तलवार वीरता, आत्म-सम्मान और धर्म रक्षा का प्रतीक थी। शादी जैसे पवित्र संस्कार में जब दूल्हा तलवार लेकर बारात में निकलता था, तो यह बताने की कोशिश होती थी कि वह अपनी दुल्हन की रक्षा करने और परिवार की मर्यादा निभाने के लिए हमेशा तैयार है।
2. ऐतिहासिक पृष्ठभूमि
मध्यकालीन भारत में जब बारातें एक गांव-कस्बे से किसी दूसरे गांव या कस्बे तक जाती थीं तो अकसर सुरक्षा का खतरा रहता था। दरअसल डाकू, लुटेरे या राजनीतिक विरोधी ऐसे ही मौके की ताक में रहते थे। किसी भी अपरिहार्य स्थिति से बचने के लिए दूल्हा और बारात के लोग हथियारों से लैस रहा करते थे। तलवार उस समय वास्तविक सुरक्षा का साधन थी। धीरे-धीरे जैसे खतरे कम हुए, तलवार वास्तविक हथियार से प्रतीकात्मक बन गई लेकिन परंपरा आज भी जिंदा है।
3. धार्मिक और सांस्कृतिक अर्थ
धार्मिक दृष्टि से भी तलवार को देवी-देवताओं का प्रतीक माना जाता है। देवी दुर्गा को भी शस्त्रधारी रूप में पूजा जाता है। दूल्हे की तलवार को शुभता, शक्ति और धर्म की रक्षा का प्रतीक मानकर विवाह के कई अनुष्ठानों में शामिल किया जाता है। सिख और राजपूत शादियों में तो तलवार अनिवार् होती है।
भारतीय शादी में तलवार की भूमिका
अब तक आप ये तो समझ गए होंगे कि भारतीय शादियों में बारात में दूल्हे के साथ तलवार क्यों होती है। अब ये समझने की कोशिश करेंगे कि विवाह जैसे मौके पर तलवार की भूमिका क्या रहती है। इसी भी तीन बिंदुओं में समझिए:

भारतीय शादी और तलवार
1. रक्षा का संकल्प: दूल्हा यह संकेत देता है कि वह अपनी पत्नी और परिवार की हर परिस्थिति में रक्षा करेगा।
2. धर्म का पालन: तलवार यह भी दिखाती है कि दूल्हा धर्म और न्याय के मार्ग पर चलेगा। शादी के दिन दूल्हा जब साफा बांधकर तलवार कमर से लगाता हैतो वह एक योद्धा नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का ध्वजवाहक बनता है।
3. शौर्य और आत्मगौरव: बारात में दूल्हे का तलवार लेकर चलना दिखाता है कि शादी सिर्फ कोई भावनात्मक रिवाज नहीं बल्कि एक नैतिक और सामाजिक दायित्व भी है।
आधुनिकता में कितना बदला परंपरा का रंग
अब ना तो राजा-रजवाड़े है और ना ही तलवार वास्तविक युद्ध का साधन रही है, पर परंपरा अब भी कायम है। अब शादी में दूल्हे की पोशाक के साथ मैच करती हुई डिजाइनर तलवारें बनाई जाती हैं। कई बार शादी की तलवार पारिवारिक धरोहर भी होती हैं, जिन्हें पीढ़ी दर पीढ़ी शादी में इस्तेमाल की जाती है।
बदलते समय में भी यह परंपरा अपनी मौजूदगी दर्ज कराए हुए है। कभी गर्व से, कभी रीति से, लेकिन हमेशा एक गहरे भाव और संदेश के साथ। शादी में दूल्हे की तलवार बताती है कि जीवन की इस यात्रा में वह केवल प्रेमी नहीं, एक रक्षक और अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने वाला साथी भी है।
