लाइफस्टाइल

ठंडी में भी शरीर रहेगा गर्म तो बढ़ जाएगी इम्यूनिटी, बस सीख ये वाला योगासन

सूर्यभेदन प्राणायाम सर्दियों में शरीर को स्वस्थ, गर्म और ऊर्जावान रखने का एक सरल योग अभ्यास है। सही तरीके और सावधानी के साथ किया जाए, तो यह संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी साबित हो सकता है। यहां देखें सूर्यभेदन प्राणायाम कैसे करते हैं और इसके फायदे क्या हैं।

Image

Suryabhedan Pranayama

योगशास्त्र में प्राणायाम को जीवन शक्ति को नियंत्रित और बढ़ाने का आसान साधन माना गया है। यह सिर्फ सांस लेने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि नाड़ियों को संतुलित करने और शरीर-मन को स्वस्थ रखने में भी मदद करता है। इन्हीं प्राणायामों में से एक है सूर्यभेदन प्राणायाम, जो शरीर में गर्मी और ऊर्जा बढ़ाने के लिए जाना जाता है।

सूर्यभेदन प्राणायाम का अर्थ

‘सूर्य’ का मतलब गर्मी और ऊर्जा से है और ‘भेदन’ का अर्थ है जागृत करना। इस प्राणायाम में दाहिनी नासिका से सांस लेकर शरीर की पिंगला नाड़ी (सूर्य नाड़ी) को सक्रिय किया जाता है। इससे शरीर में गर्मी, ताकत और स्फूर्ति बढ़ती है। योग के पुराने ग्रंथों में इसे एक महत्वपूर्ण प्राणायाम माना गया है।

सूर्यभेदन प्राणायाम के फायदे

आयुष मंत्रालय के अनुसार यह प्राणायाम शरीर को गर्म रखने में मदद करता है, इम्यूनिटी को मजबूत करता है और सर्दी के मौसम में जकड़न से राहत देता है। खासकर सर्दियों में इसका अभ्यास ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। हालांकि, उच्च रक्तचाप और हृदय रोग से पीड़ित लोगों को इसे नहीं करना चाहिए।

सूर्यभेदन प्राणायाम करने का आसान तरीका

इस प्राणायाम को करना बहुत सरल है -

  • सुखासन या किसी आरामदायक मुद्रा में बैठ जाएं
  • बाईं नासिका को बंद करें और दाहिनी नासिका से गहरी सांस लें
  • सांस भरने के बाद दोनों नासिकाएं बंद कर कुछ सेकंड रोकें
  • अब बाईं नासिका से धीरे-धीरे सांस छोड़ें
  • इसे एक चक्र माना जाता है। रोज सुबह खाली पेट 10–15 चक्र करना लाभदायक होता है।

एक्सपर्ट और आयुर्वेद की राय

योग विशेषज्ञों के अनुसार सूर्यभेदन प्राणायाम करने से सर्दी-जुकाम, नाक बंद होने जैसी समस्याओं में राहत मिलती है। आयुर्वेद मानता है कि यह प्राणायाम शरीर की आंतरिक गर्मी (अग्नि) बढ़ाता है, पाचन सुधारता है और कफ दोष में खास तौर पर फायदेमंद है। साथ ही यह फेफड़ों की क्षमता बढ़ाकर शरीर को ऊर्जावान और सक्रिय बनाता है।

इनपुट - आईएएनएस

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और आधुनिक जीवनशैली से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें युवा और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 2,500 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article