78th Independence Day 2024: हम करीब डेढ़ अरब हिंदुस्तानियों के लिए 15 अगस्त की तारीख सिर्फ एक तारीख भर नहीं है। यह दिन हम भारतीयों के सम्मान, स्वाभिमान और स्वतंत्रता का प्रतीक है। साल 1947 में इसी तारीख को भारत आजाद हुआ था। इस साल 15 अगस्त को भारत अपना 78वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। स्वतंत्रता दिवस हमें याद दिलाता है कि कैसे आजादी के लिए देश के हजारों सपूतों ने हंसते-हंसते अपनी जान कुर्बान कर दी थी। स्वतंत्रता दिवस पर हम जश्न तो मनाते ही हैं, साथ ही देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि भी देते हैं। देशभर में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं। स्कूल कॉलेज से लेकर सरकारी दफ्तरों तक में ध्वजारोहण जैसे कार्यक्रम होते हैं।
स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2024 की थीम
भारत सरकार हर साल आजादी का जश्न भव्य तरीके से मनाती है। प्रत्येक वर्ष स्वतंत्रता दिवस के लिए एक थीम रखी जाती है। इस साल भी रखी गई है। इस साल की इंडिपेंडेंस डे थीम है विकसित भारत। यह थीम वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र में बदलने के सरकार के लक्ष्य को दर्शाता है। 15 अगस्त 2047 को भारत अपनी आजादी के 100वें साल का जश्न मनाएगा।
इस साल कौन सा स्वतंत्रता दिवस है
स्वतंत्रता दिवस के दिन देश के प्रधानमंत्री ऐतिहासिक लाल किले से भाषण देते हैं। राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में पीएम शहीदों को याद करते हुए भारत को एक विश्व शक्ति बनाने के लिए अपनी योजनाओं से भारतीयों को अवगत कराते हैं। सालों से ये परंपरा चली आ रही है। इस साल 15 अगस्त को भारत अपना 78वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। इस साल भी लाल किले से पीएम नरेंद्र मोदी देश को संबोधित करेंगे।
