Tilkut Recipe For Sakat Chauth 2026 (तिलकुट कैसे बनते हैं): सकट चौथ को तिलकुटा चौथ या माघी चौथ भी कहा जाता है। इस दिन तिल (तिलहन) और गुड़ से बने तिलकुट का विशेष महत्व होता है। तिल और गुड़ से बने तिलकुट को गणेश जी को अर्पित करने से विघ्नों का नाश होता है, संतान की रक्षा होती है और घर में सुख-समृद्धि आती है। तो अगर आप सकट चौथ का व्रत करते हैं और आपको तिलकुट प्रसाद बनाना है तो सबसे पहले आपको यहां से इसकी रेसिपी नोट कर लेनी चाहिए।
तिलकुट बनाने की सामग्री-
- सफेद तिल- 1 कप
- गुड़- 1 कप (कद्दूकस किया हुआ)
- घी- 1 चम्मच
- इलायची पाउडर- 1/2 चम्मच
- सूखा मावा
तिलकुट बनाने की विधि-
तिलकुट बनाने के लिए सबसे पहले आपको एक कढ़ाई को गर्म करना है और इसमें सफेद तिल को अच्छी तरह से भूनना है। धीमी आंच पर तिल को हल्का सुनहरा और खुशबूदार होने तक भून लें। बस ध्यान रखें कि तिल जल न जाए। भूनने के बाद आप तिल को एक प्लेट में ठंडा होने के लिए निकालकर रख दें। अब गुड़ लें और इसे ओखली में या मिक्सर ग्राइंडर में अच्छी तरह के पीस लें। गुड़ पूरी तरह से पिस जाए तो इसे अलग प्लेट में निकाल लें। गुड़ का एकदम पाउडर बन जाना चाहिए नहीं तो ये तिल में सही से मिक्स नहीं होगा। आप चाहें तो गुड़ पीसने की बजाय, गुड़ के पाउडर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। अब इसी गुड़ में भूने हुए तिल को मिलाएं। इसके साथ-साथ पिसी इलायची भी आप इसमें डाल सकते हैं। सभी चीजों को अब एक बार फिर से एक साथ ओखली में पीस लें। पीसने के बाद हाथ से इसे अच्छी तरह से मिक्स करें। जब ये सही से मिक्स हो जाए तो इसे ओखली से निकाल लें। अब आपका तिलकुट प्रसाद तैयार है। आप चाहें तो इसमें सूखा मेवा भी डाल सकती हैं।
