लाइफस्टाइल

PV Sindhu Temple Device: माथे पर छोटा-सा डिवाइस लगाकर क्यों खेल रही हैं पीवी सिंधु, जानें क्या करता है यह ब्रेन ट्रैकर

पीवी सिंधु के माथे पर लगा Temple Device क्या है? जानें यह ब्रेन ट्रैकर cerebral blood flow, मानसिक दबाव, नींद और रिकवरी को कैसे ट्रैक करता है।

Image

पीवी सिंधु के माथे पर क्या लगा है, कैसे काम करता है ये डिवाइस

PV Sindhu Temple Device: बैडमिंटन कोर्ट पर पीवी सिंधु का खेल ही नहीं, इन दिनों उनके माथे पर लगा एक छोटा-सा उपकरण भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। पहली नजर में यह किसी मेडिकल पैच जैसा दिखाई देता है। सोशल मीडिया पर इसे लेकर कई तरह के सवाल पूछे जा रहे हैं। क्या यह चोट से बचाने वाला डिवाइस है? क्या इससे खिलाड़ी की एकाग्रता बढ़ती है या फिर यह कोई नया फिटनेस ट्रैकर है?

तो इन सवालों का जवाब इस तरह है कि ये एक Temple नाम का उपकरण है। इसे माथे के किनारे यानी कनपटी के पास लगाया जाता है। मौजूदा जानकारी के मुताबिक, यह अभी एक प्रयोगात्मक wearable device है, जिसे Zomato के सह-संस्थापक दीपिंदर गोयल की टीम ने तैयार किया है। इसका उद्देश्य शरीर की सामान्य गतिविधियों के बजाय मस्तिष्क तक पहुंचने वाले रक्त प्रवाह और शरीर पर पड़ रहे मानसिक-शारीरिक दबाव से जुड़े संकेतों को समझना है।

पीवी सिंधु के माथे पर लगा Temple Device क्या है

बॉडी को मॉनिटर करने वाले ऐसे तो तमाम गैजेट्स इन दिनों उपलब्ध हैं। जैसे कि स्मार्टवॉच आमतौर पर कलाई से हार्ट रेट, कदम, नींद और ऑक्सीजन स्तर जैसी जानकारियां जुटाती है। लेकिन वहीं Temple की जगह और काम करने का तरीका इससे अलग बताया जा रहा है। यह कनपटी पर रहता है, जहां त्वचा अपेक्षाकृत पतली होती है और superficial temporal artery यानी एक प्रमुख रक्त धमनी की सतह के करीब होती है।

कंपनी के अनुसार, यहां से मिलने वाले संकेत शरीर की अंदरूनी प्रतिक्रिया को समझने में मदद कर सकते हैं। Temple की आधिकारिक वेबसाइट इसे ट्रेनिंग, रिकवरी, काम और नींद से जुड़े संकेतों को मापने वाला एक छोटा इंस्ट्रुमेंट बताती है। हालांकि, अभी इसके सभी दावों की स्वतंत्र वैज्ञानिक पुष्टि और सार्वजनिक बेंचमार्किंग डेटा उपलब्ध नहीं है। इसलिए इसे फिलहाल एक उभरती हुई तकनीक के रूप में देखना ज्यादा उचित होगा।

Temple Brain Tracker क्या-क्या मापता है

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह डिवाइस निम्न संकेतों को ट्रैक करने के लिए बनाया गया है:

मापआसान भाषा में अर्थ
Cerebral blood flowमस्तिष्क की ओर जाने वाला रक्त प्रवाह
Oxygenationमस्तिष्क के ऊतकों को मिल रही ऑक्सीजन से जुड़े संकेत
Cognitive loadकिसी काम के दौरान दिमाग पर पड़ रहा मानसिक दबाव
Entropyशरीर की metabolic और stress-related demand का संकेत
Recovery patternमेहनत के बाद शरीर कितनी जल्दी सामान्य स्थिति में आता है

ये आंकड़े किसी खिलाड़ी को यह समझने में सहायता कर सकते हैं कि कड़ी ट्रेनिंग, तनाव, नींद की कमी या लंबे मुकाबले का असर उसके शरीर और फोकस पर किस तरह पड़ रहा है।

खिलाड़ियों के लिए ऐसा ब्रेन ट्रैकिंग डिवाइस क्यों उपयोगी हो सकता है

किसी बड़े मुकाबले में प्लेयर की केवल मांसपेशियां काम नहीं करतीं। खिलाड़ी को तेजी से निर्णय लेना, सामने वाले की चाल पढ़ना और लंबे समय तक एकाग्र रहना पड़ता है। थकान बढ़ने पर शरीर की गति के साथ निर्णय लेने की क्षमता भी प्रभावित हो सकती है।

ऐसे में लगातार मिलने वाला physiological data कोच और खिलाड़ी के लिए कुछ महत्वपूर्ण सवालों के जवाब तलाशने में मदद कर सकता है:

  • किस ट्रेनिंग से शरीर पर जरूरत से अधिक दबाव पड़ रहा है?
  • मैच के बाद रिकवरी में कितना समय लग रहा है?
  • अच्छी या खराब नींद का प्रदर्शन पर क्या असर हुआ?
  • कठिन रैली के दौरान मानसिक दबाव कितना बढ़ा?
  • शरीर मेहनत के बाद कितनी जल्दी सामान्य स्थिति में लौटा?

पीवी सिंधु इससे पहले अप्रैल 2026 में Uber Cup के दौरान भी यह उपकरण पहने दिखाई दी थीं। अब BWF World Championships 2026 में इसके दोबारा नजर आने से इसकी चर्चा तेज हो गई है। वैसे उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, डिवाइस अभी परीक्षण के चरण में है और सामान्य बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं है।

क्या Temple Device बीमारी का पता लगा सकता है

अभी इसे किसी बीमारी की जांच करने वाला मेडिकल उपकरण नहीं समझना चाहिए। मस्तिष्क में रक्त प्रवाह से जुड़े संकेत कई कारणों से बदल सकते हैं। शरीर की मुद्रा, तापमान, तनाव, एक्सरसाइज और सेंसर की स्थिति भी रीडिंग्स पर असर डाल सकती है।

इसीलिए इससे मिले आंकड़ों के आधार पर स्ट्रोक, ऑक्सीजन की कमी या किसी neurological disease का निष्कर्ष निकालना सही नहीं होगा। ऐसी बीमारियों की पहचान डॉक्टर की जांच और प्रमाणित मेडिकल टेस्ट से ही की जाती है।

क्या भविष्य में स्मार्टवॉच की जगह ले लेगा Temple

फिलहाल ऐसा कहना जल्दबाजी होगी, क्योंकि टेंपल डिवाइस के बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन इतना जरूर है कि स्मार्टवॉच आम लोगों की रोजमर्रा की गतिविधियों को ध्यान में रखकर बनाई जाती है, जबकि Temple का शुरुआती फोकस शरीर की ओर से अंदर से आने वाले फिजियॉलजिकल रिस्पॉन्स पर दिखाई देता है।

यह तकनीक सफल और वैज्ञानिक परीक्षणों में भरोसेमंद साबित होती है तो भविष्य में ट्रेनिंग, नींद, रिकवरी और स्ट्रेस मॉनिटरिंग का तरीका बदल सकती है। लेकिन जब तक इसके विस्तृत क्लीनिकल वेलिडेशन और एक्युरेसी डेटा सामने नहीं आते, जब तक उत्सुकता के साथ थोड़ी सावधानी रखना भी जरूरी है।

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article