Monsoon Fruits Washing Tips: बारिश का मौसम आते ही बाजार में आम, जामुन, नाशपाती, अमरूद और दूसरे कई ताजे फल मिलने लगते हैं। इन्हें देखकर अक्सर लगता है कि फल बिल्कुल साफ हैं, इसलिए लोग बिना ज्यादा सोचे इन्हें खा लेते हैं। लेकिन बाहर से चमकदार और साफ दिखने वाले फल हमेशा सुरक्षित हों, ऐसा जरूरी नहीं है। बारिश के मौसम में हवा में नमी ज्यादा रहती है, जिससे फल की सतह पर गंदगी, कीटाणु और कीटनाशकों के बचे हुए कण चिपके रह सकते हैं। अगर इन्हें ठीक से साफ किए बिना खाया जाए, तो पेट खराब होने, उल्टी-दस्त या संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। अमृता अस्पताल, फरीदाबाद के इंटरनल मेडिसिन एक्सपर्ट और सीनियर कंसल्टेंट डॉ. मोहित शर्मा के अनुसार मॉनसून में फल खाना फायदेमंद तो है, लेकिन उन्हें सही तरीके से धोना और संभालना भी उतना ही जरूरी है। आइए डॉक्टर से ही जानते हैं कैसे आसानी से आप कर सकते हैं यह काम।
बाहर से साफ दिखने वाले फल भी हो सकते हैं गंदे
कई बार फल इतने चमकदार दिखते हैं कि लगता है इन्हें धोने की जरूरत ही नहीं है। लेकिन फल खेत से लेकर मंडी और फिर दुकान तक कई हाथों से होकर गुजरते हैं। इस दौरान उन पर धूल, मिट्टी, गंदगी और ऐसे कीटाणु लग सकते हैं जो आंखों से दिखाई नहीं देते। इसलिए सिर्फ देखकर यह तय नहीं किया जा सकता कि फल पूरी तरह सुरक्षित है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: घर से काम करने पर वजन क्यों बढ़ने लगता है, ये छिपी वजहें भी वर्क फ्रॉम होम के दौरान बना देती हैं आपका मोटा
फल धोने का सही तरीका क्या है
डॉ. मोहित शर्मा बताते हैं कि फल खाने से पहले उन्हें हमेशा बहते साफ पानी में अच्छी तरह धोना चाहिए। सेब, अमरूद या नाशपाती जैसे फलों को हाथ से हल्का रगड़कर साफ करें। अंगूर जैसे छोटे फलों को भी पानी में अच्छे से घुमाकर धोएं। कई लोग फल साफ करने के लिए साबुन या डिटर्जेंट का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं करना चाहिए। इनका थोड़ा-सा हिस्सा भी फल पर रह जाए, तो यह शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मानसून में घर का दही जल्दी खट्टा या खराब क्यों हो जाता है? इन गलतियों से बचेंगे तो रहेगा फ्रेश
कटे हुए फल खरीदने से क्यों बचें
बारिश के मौसम में खुले में रखे कटे हुए फल जल्दी खराब हो सकते हैं। उन पर मक्खियां बैठ सकती हैं और गंदगी भी आसानी से लग जाती है। ऐसे फल खाने से पेट खराब होने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए हमेशा पूरा फल खरीदें और घर पर धोकर ही काटें। इससे फल ज्यादा सुरक्षित रहता है।
धोने के बाद भी रखें थोड़ी सावधानी
फल धोने के बाद उन्हें लंबे समय तक गीला छोड़ना ठीक नहीं है। अगर तुरंत नहीं खाना है, तो उन्हें साफ कपड़े से हल्का पोंछकर फ्रिज में रखें। फल काटते समय हाथ, चाकू और कटिंग बोर्ड भी साफ होने चाहिए। छोटी-सी लापरवाही भी खाने को दूषित कर सकती है।
थोड़ी-सी सावधानी से पूरा परिवार रहेगा सुरक्षित
मॉनसून में फल खाना सेहत के लिए अच्छा है, लेकिन सही तरीके से साफ करना उससे भी ज्यादा जरूरी है। डॉ. मोहित शर्मा कहते हैं कि बहते पानी से अच्छी तरह धोकर, घर पर काटकर और साफ-सफाई का ध्यान रखकर फलों को सुरक्षित बनाया जा सकता है। ये छोटी-छोटी आदतें आपको और आपके परिवार को बारिश के मौसम में होने वाली पेट की कई परेशानियों से बचाने में मदद कर सकती हैं।
