लाइफस्टाइल

एबेल बिजू ने मिस्टर सुप्रानेशनल 2026 में बनाई टॉप-20 में जगह, भारत का बढ़ाया मान

केरल के रहने वाले एबेल बिजू पहले बैंकिंग सेक्टर में काम करते थे। बाद में उन्होंने अपने सपनों को पूरा करने के लिए नौकरी छोड़ मॉडलिंग और पेजेंट की दुनिया में कदम रखा।

Image

मिस्टर इंडिया सुप्रानेशनल 2026 एबेल बिजू ने मिस्टर सुप्रानेशनल 2026 प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप-20 में अपनी जगह बनाई। (फोटो: Instagram/officialmisterindia)

भारत के एबेल बिजू ने मिस्टर सुप्रानेशनल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप-20 में अपनी जगह बनाई। पोलैंड में आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दुनिया भर के प्रतिभागियों के बीच उन्होंने अपने व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और मंच पर प्रभावशाली प्रस्तुति से जजों का ध्यान खींचा।

केरल के रहने वाले एबेल बिजू पहले बैंकिंग सेक्टर में काम करते थे। बाद में उन्होंने अपने सपनों को पूरा करने के लिए नौकरी छोड़ मॉडलिंग और पेजेंट की दुनिया में कदम रखा। उनकी मेहनत का नतीजा था कि मिस्टर इंडिया 2025 प्रतियोगिता में उन्हें मिस्टर इंडिया सुप्रानेशनल 2026 का खिताब मिला और भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका भी।

प्रतियोगिता के दौरान एबेल ने कई राउंड में दमदार प्रदर्शन किया। हालांकि वह अंतिम विजेताओं की सूची में जगह नहीं बना सके, लेकिन टॉप-20 तक पहुंचना अपने आप में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। उनकी इस सफलता ने भारतीय पेजेंट प्रेमियों को गर्व का मौका दिया है।

प्रतियोगिता से पहले एबेल ने कहा था कि 1.4 अरब भारतीयों का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उनका मानना है कि इस मंच ने उन्हें सिर्फ मॉडलिंग ही नहीं, बल्कि जीवन के लिए भी तैयार किया है।

उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि, "मिस्टर इंडिया बनने के बाद मेरी जिंदगी पूरी तरह बदल गई। इस प्रतियोगिता ने मुझे अनुशासन, आत्मविश्वास और खुद पर भरोसा करना सिखाया।" एबेल ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर दुनिया के अलग-अलग देशों के प्रतिभागियों से मिलना, उनकी संस्कृति को समझना और भारत की पहचान दुनिया के सामने रखना उनके लिए सबसे खास अनुभवों में से एक है।

हालांकि इस बार मिस्टर सुप्रानेशनल 2026 का खिताब स्पेन के पेड्रो कॉर्डेरो ने अपने नाम किया, लेकिन एबेल बिजू का टॉप-20 तक पहुंचना भारतीय पेजेंट जगत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनकी यह यात्रा बताती है कि मेहनत, आत्मविश्वास और सही दिशा में उठाए गए कदम किसी भी सपने को हकीकत में बदल सकते हैं।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article