लाइफस्टाइल

हल्दी के नाम पर कहीं कलर या चॉक तो नहीं खा रहे? Food Pharmer ने बताया असली नकली हल्दी चेक करने का तरीका

How to check real or fake haldi at home: क्या आपकी रसोई की हल्दी शुद्ध है या मिलावटी? आजकल खाने में मिलावट एक बड़ी समस्या बन चुकी है। एक आसान टेस्ट से आप घर बैठे हल्दी की शुद्धता पहचान सकते हैं। मशहूर यूट्यूबर फूड फार्मर ने बताया असली या नकली हल्दी की पहचान कैसे करें।

Image

असली हल्दी या नकली

How to check real or fake haldi at home: आज के समय में खाने-पीने की चीजों में मिलावट एक गंभीर समस्या बन चुकी है। दूध, आटे से लेकर मसालों तो प्रोटीन पाउडर तक, हर चीज में शुद्धता को लेकर सवाल उठते रहते हैं। इन दिनों हल्दी में मिलावट होने की खबरें काफी सुर्खियों में रही है।हल्दी, जो भारतीय रसोई का अहम हिस्सा है, उसमें भी मिलावट की खबर ने लोगों को हैरान कर दिया है। लेकिन बड़ी समस्या ये है कि, असली और नकली के बीच में फर्क कैसे पता करें। तो बता दें कि, मशहूर यूट्यूबर Revant Himatsingka (Food Pharmer) ने अपने एक वीडियो में हल्दी की असलियत पहचानने का एक बेहद आसान तरीका बताया है, जिसे कोई भी व्यक्ति घर पर कर सकता है।

घर पर असली-नकली हल्दी की पहचान कैसे करें

फूड फार्मर ने बताया कि हल्दी की शुद्धता जांचने के लिए आपको बस एक गिलास पानी की जरूरत है। इस टेस्ट में थोड़ा सा हल्दी पाउडर पानी में डालें और ध्यान से देखें कि क्या होता है। अगर हल्दी मिलाते ही पानी पूरी तरह पीला हो जाता है, तो यह इस बात का संकेत हो सकता है कि उसमें आर्टिफिशियल कलर या मिलावट मौजूद है।

दरअसल, मिलावटी हल्दी में अक्सर सिंथेटिक रंग और चॉक जैसे पदार्थ मिलाए जाते हैं, जो पानी में तुरंत घुलकर रंग छोड़ देते हैं। यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है और लंबे समय तक सेवन करने से शरीर पर नकारात्मक असर डाल सकता है।

वहीं, असली और शुद्ध हल्दी का व्यवहार अलग होता है। जब आप शुद्ध हल्दी को पानी में डालते हैं, तो वह तुरंत घुलती नहीं है बल्कि धीरे-धीरे नीचे बैठ जाती है। पानी हल्का रंग जरूर ले सकता है, लेकिन वह पूरी तरह गहरा पीला नहीं होता। यही असली हल्दी की पहचान है।

इस प्रकार से सिंपल सा हल्दी टेस्ट कर आप भी असली और नकली हल्दी की पहचान घर बैठे ही कर सकते हैं। जरूर ही आपको भी आज ही ये वाला टेस्ट करके देखना चाहिए। रेवंत हिमतसिंहका यह भी बताते हैं कि ऐसे कई सरल टेस्ट भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा उपभोक्ताओं की जागरूकता के लिए बताए गए हैं, ताकि लोग घर बैठे मिलावट को पहचान सकें और अपने स्वास्थ्य की रक्षा कर सकें। अंत में, यह जरूरी है कि हम सिर्फ पैकेजिंग या लेबल पर भरोसा न करें, बल्कि जागरूक बनें और ऐसे आसान टेस्ट अपनाएं। अब समय आ गया है कि हर उपभोक्ता सिर्फ लेबल नहीं, बल्कि प्रोडक्ट की असली रिपोर्ट भी देखे और सही फैसला ले।

(डिस्क्लेमर: यह लेख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध युट्यूबर फूड फार्मर के वीडियो में बताए गए टिप्स के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें दी गई जानकारी संबंधित क्रिएटर के व्यक्तिगत विचार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत इन टिप्स या दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।)

Avni Bagrola
अवनी बागरोला author

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और आधुनिक... और देखें

End of Article