How To Check Gas in Cylinder: देश के कई हिस्सों में इन दिनों एलपीजी सिलेंडर को लेकर चिंता बढ़ती दिखाई दे रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और सप्लाई चेन में बाधा के कारण गैस की सप्लाई को लेकर लोगों में आशंका बढ़ गई है। यही कारण है कि कई जगहों पर गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। लोग जल्दी-जल्दी सिलेंडर बुक कराने और स्टोर करने में लगे हैं। ऐसे में अपने घरों में रखे सिलेंडर की जांच करना जरूरी है। यदि आप घर के सिलेंडर में गैस का लेवल जानना चाहते हैं, तो ये टिप्स आपके काफी काम आ सकते हैं।
गर्म पानी से चेक करें गैस का लेवल
गर्म पानी से सिलेंडर में गैस का लेवल चेक करना यह सबसे लोकप्रिय और आसान तरीका माना जाता है। इसके लिए आपको बस एक मग गर्म पानी को सिलेंडर की साइड पर धीरे-धीरे डालना है। इसके कुछ सेकंड बाद हाथ से सिलेंडर को छुए। जहां तक सिलेंडर ठंडा महसूस हो वहां तक सिलेंडर में गैस मौजूद है। यदि आपको सिलेंडर में ठंडा हिस्सा काफी नीचे महसूस हो तो समझ लें आपकी सिलेंडर खाली होने वाला है।
सिलेंडर का वजन चेक करें
यदि आप सिलेंडर में वजन का सटीक अंदाजा लगाना चाहते हैं, तो आपको सिलेंडर का वजन चेक करना चाहिए। इसके लिए आप पूरे सिलेंडर का वजन करें और उसमें से खाली सिलेंडर का वजन कम कर दें। प्रत्येक गैस सिलेंडर पर उसका खाली वजन अंकित होता है। उदाहरण के लिए समझें कि यदि आपके सिलेंडर का कुल वजन 24 किलो है और खाली सिलेंडर में 15 किलो वजन है। तो आपके पास कुल 9 किलो गैस बाकी है।
चूल्हे की लौ से चेक करें
सिलेंडर में गैस का लेवल आप चूल्हे की लौ से भी चेक कर सकते हैं। जब सिलेंडर खत्म होने वाला होता है, तो चूल्हे की लौ हल्की होने लगती है और इसका रंग हल्का पीला दिखने लगता है। यदि आपको इस तरह का कोई संकेत दिख रहा है, तो आपका सिलेंडर खत्म होने की कगार पर हो सकता है।
सिलेंडर को हिलाकर पहचान करें
गैस सिलेंडर में पेट्रोलियम गैस लिक्विड रूप में भरी होती है। इसलिए जब आपके सिलेंडर में गैस कम बची हो तो उसे हिलाने पर हल्की आवाज महसूस होगी। यदि आपको आवाज आसानी से सुनाई दे तो समझें कि अब सिलेंडर में गैस बहुत कम बाकी है। हालांकि इस तरीके से गैस के लेवल का केवल अंदाजा लगाया जा सकता है।
