लाइफस्टाइल

बाजार वाली चॉकलेट छोड़िए, घर पर बनाइए हेल्दी चॉकलेट! भुने चने और खजूर से तैयार होगी टेस्टी स्वीट ट्रीट

भुने चने, खजूर और कोको पाउडर से घर पर आसानी से हेल्दी होममेड चॉकलेट बनाई जा सकती है। जानिए रेसिपी, सही टेक्सचर पाने के टिप्स और अपनी पसंद के नट्स व सीड्स के साथ इसे और स्वादिष्ट बनाने का तरीका।

Image

Homemade Chocolate Recipe in Hindi (Photo Credit - comfymeal)

चॉकलेट का नाम सुनते ही बच्चों से लेकर बड़ों तक हर किसी का मन खुश हो जाता है। लेकिन बाजार में मिलने वाली कई चॉकलेट्स में ज्यादा चीनी और प्रोसेस्ड चीजें होती हैं, इसलिए लोग अब घर पर हेल्दी विकल्प ढूंढ रहे हैं। अच्छी बात यह है कि कुछ आसान चीजों से आप बिना ज्यादामेहनत के स्वादिष्ट होममेड चॉकलेट बना सकते हैं।

इस रेसिपी की खास बात यह है कि इसमें चीनी की जगह खजूर की नेचुरल मिठास का इस्तेमाल होता है, जबकि भुना चना इसे अच्छा टेक्सचर और हल्का प्रोटीन भी देता है। कोको पाउडर से चॉकलेटी फ्लेवर आता है और अपनी पसंद के नट्स व बीज डालकर इसे और भी मजेदार बनाया जा सकता है। अगर शाम की छोटी भूख में कुछ मीठा खाने का मन करता है, तो यह आसान रेसिपी जरूर ट्राई करें।

घर पर हेल्दी चॉकलेट बनाने के लिए सामग्री

3/4 कप भुना चना

1 कप बीजरहित खजूर

2 बड़े चम्मच बिना चीनी वाला कोको पाउडर

2–3 बड़े चम्मच देसी घी

एक चुटकी नमक

अपनी पसंद के नट्स और सीड्स (बादाम, पिस्ता, कद्दू के बीज, सनफ्लावर के बीज आदि)

कैसे बनाएं होममेड चॉकलेट?

सबसे पहले मिक्सर में भुना चना डालकर बारीक पीस लें। अब इसमें खजूर, कोको पाउडर, घी और एक चुटकी नमक डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह ब्लेंड करें, जब तक मिश्रण एकसार न हो जाए। आखिर में अपनी पसंद के नट्स और सीड्स मिलाएं।

अब इस मिश्रण को किसी ट्रे या डिब्बे में बटर पेपर बिछाकर फैला दें। ऊपर से हल्के हाथों से दबाकर बराबर करें और 30–60 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें। सेट होने के बाद मनचाहे आकार में काटकर सर्व करें।

अगर मिश्रण सही न बने तो क्या करें?

अगर मिश्रण ज्यादा सूखा या टूटने लगे, तो थोड़ा-सा और घी मिला दें।

अगर मिश्रण बहुत नरम या चिपचिपा लगे, तो थोड़ा भुना चना पीसकर मिला दें। इससे टेक्सचर आसानी से बैलेंस हो जाएगा।

हर बार एक जैसी चॉकलेट बनाने की जरूरत नहीं है। कभी इसमें अखरोट डालें, कभी पिस्ता या काजू। चाहें तो चिया सीड्स, फ्लैक्स सीड्स या कद्दू के बीज भी मिला सकते हैं। इससे स्वाद के साथ टेक्सचर भी बदल जाएगा।

स्टोर कैसे करें?

तैयार चॉकलेट को एयरटाइट डिब्बे में रखकर फ्रिज में स्टोर करें। इससे यह कई दिनों तक अच्छी रह सकती है। खाने से कुछ मिनट पहले बाहर निकालेंगे, तो इसका स्वाद और भी अच्छा लगेगा।

अगर आप घर पर ऐसी स्वीट डिश बनाना चाहते हैं जिसमें कम सामग्री लगे और बनाने में ज्यादा समय भी न लगे, तो यह होममेड चॉकलेट एक बढ़िया विकल्प है। यह सिर्फ एक रेसिपी नहीं, बल्कि घर के स्वाद और अपनी पसंद के फ्लेवर के साथ मीठा खाने का मजेदार तरीका भी है।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और आधुनिक जीवनशैली से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें युवा और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 2,500 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article