Haryana Foundation Day 2022: आज हरियाणा दिवस (Haryana Day) है। देश के उत्तरी भाग में स्थित हरियाणा को भाषा के आधार पर 1 नवंबर 1966 को पूर्वी पंजाब (East Punjab) के पूर्व राज्य से अलग किया गया था और तब से हर साल 1 नवंबर को हरियाणा दिवस मनाया जाता है। हरियाणा स्थापना दिवस पूरे राज्य में मनाया जाता है और राज्य में सार्वजनिक अवकाश होता है। हरियाणा उद्योगों की भूमि होने के साथ-साथ कृषि की भूमि भी है और इसे ग्रीन लैंड ऑफ इंडिया भी कहा जाता है।
हरियाणा की संस्कृति और इतिहास के बारे में जानने के लिए बहुत कुछ है। राज्य के गठन से अब तक पिछले 56 सालों में हरियाणा के अंदर कई बड़े बदलाव हुए हैं। हरियाणा ने सभी कई खेलों में अपने यहां से स्टार खिलाड़ी भी दिए हैं। साथ ही हरियाणा में घूमने की भी काफी जगहें हैं। हरियाणा दिवस के मौके पर आज हम आपको राज्य की 5 घूमने वाली जगहों के बारे में बताते हैं।
चंडीगढ़
आप अगर हरियाणा की यात्रा की योजना बना रहे हैं सबसे पहले आपको चंडीगढ़ जाना चाहिए। दरअसल चंडीगढ़ हरियाणा की राजधानी भी है। यहां आने पर आप सुंदर सुखना झील में बोटिंग का आनंद लेना न भूलें। इसके साथ ही आप फेमस रॉक गार्डन, लीजर वैली, कैपिटल कॉम्प्लेक्स (यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल), बटरफ्लाई पार्क और शांति कुंज भी जा सकते हैं।कुरुक्षेत्र
हरियाणा में घूमने के दौरान आपको कुरुक्षेत्र के प्राचीन शहर की यात्रा अवश्य करनी चाहिए, जिसे 'भगवद गीता की भूमि' भी कहा जाता है। इस तीर्थ स्थल ने महाभारत में युद्ध के मैदान का काम किया, जहां कौरवों ने पांडवों से लड़ाई लड़ी थी। साथ ही ये वह स्थान भी है, जहां भगवान कृष्ण ने अर्जुन को भगवद गीता का पाठ पढ़ाया था। इसके अलावा यहां आकर आप ब्रह्म सरोवर, सन्निहित सरोवर और बिरला मंदिर के दर्शन कर सकते हैं।
अंबाला
अंबाला का ऐतिहासिक शहर हरियाणा राज्य के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक है। इस जगह की स्थापना अंबा राजपूत ने की थी। पुरापाषाण युग में भी यहां भूमि बसी हुई थी। यहां आने पर आपको भवानी अंबा मंदिर जरूर जाना चाहिए। अंबाला के अन्य पर्यटक आकर्षणों में सीस गंज गुरुद्वारा, रानी का तालाब और पगेट पार्क शामिल हैं।
करनाल
महाभारत से जुड़े होने के कारण करनाल को इतिहास में भी जगह मिलती है। माना जाता है कि पवित्र यमुना नदी के तट पर स्थित करनाल को कौरवों ने राजा कर्ण के लिए स्थापित किया था। यहां आने पर कर्ण झील, बाबर की मस्जिद और पक्का पुल जरूर देखें।
मोरनी हिल्स
शहर की भागदौड़ से बचने के लिए आपको मोरनी हिल्स जरूर जाना चाहिए। ये हरियाणा का एकमात्र हिल स्टेशन है। आप यहां स्थित ठाकुर द्वार मंदिर में सातवीं शताब्दी की नक्काशी भी देख सकते हैं। साथ ही आप यहां बोटिंग, बर्ड वाचिंग और साइकिलिंग का मजा ले सकते हैं।
