Aaj ki Shayari: तड़प भी और चाहत भी, गुलमोहर की साख से टूटे किसी फूल सा है गुलजार का यह शेर
- Authored by: Suneet Singh
- Updated Dec 14, 2025, 09:01 AM IST
Aaj ki Shayari (आज की शायरी): गुलजार का यह शेर इंसानी दिल की उस फितरत को बयान करता है, जहां हम सब चाहते हैं कि कोई हमें समझे, चाहे, चाहे हमारी तरफ से कोई उम्मीद लगाए। यह तड़प और चाहत ही इस शेर की खूबसूरती है।
आज की शायरी (Shayari of the Day)
Shayari of the Day (आज की शायरी): गुलजार हिंदुस्तान के सबसे लोकप्रिय शायरों में शुमार हैं। उनकी शायरी धूप-छांव की तरह नर्म भी है और गहरी भी। गुलजार धूल, हवा, खिड़की, बारिश जैसी रोजमर्रा की चीजों को ऐसे लिखते हैं मानो उनमें एक पूरी दुनिया बसती हो। उनकी शायरी में यादें धुंध बनकर लौटती हैं, मोहब्बत परछाईं की तरह साथ चलती है और खामोशी भी बोल उठती है। आज की शायरी में पढ़ते हैं गुलजार का एक मशहूर शेर:
"कभी तो चौंक के देखे कोई हमारी तरफ
किसी की आंख में हम को भी इंतिज़ार दिखे"
गुलजार का यह शेर इंसान की रूहानी चाहत और अकेलेपन की टीस को बड़े खूबसूरत अंदाज में बयां करता है। इसमें दिल की वह खामोश पुकार है, जिसे शायद हर इंसान ने कभी न कभी महसूस किया हो। यह वह पुकार है जो कहती गै कि कोई तो हो, जो हमें सचमुच देखे, महसूस करे और हमारे इंतजार को समझे।
“कभी तो चौंक के देखे कोई हमारी तरफ़”
इस मिसरे में शायर की तड़प झलकती है। वह चाहता है कि कोई ऐसा लम्हा आए जब कोई अचानक उसकी तरफ मुड़े, उसे नोटिस करे, उसके होने को महसूस करे। यह सिर्फ देखने की बात नहीं है, बल्कि उस अहसास की बात है कि कोई आपके वजूद की परवाह करता है, आपकी मौजूदगी महत्वपूर्ण है। यहां ‘चौंक के देखना’ एक गहरी चाह है। चाहे कोई अपनी व्यस्त ज़िंदगी से एक पल के लिए ही सही, लेकिन हमारी तरफ ध्यान दे।
“किसी की आंख में हम को भी इंतिज़ार दिखे”
दूसरे मिसरे में शायर की इच्छा और भी नजदीकी हो जाती है। वह चाहता है कि किसी की आंखों में उसके लिए इंतजार हो, उसकी कद्र हो। इंतजार प्यार, अपनापन और रिश्ते की गर्माहट की सबसे नाजुक अभिव्यक्ति है। शायर को यह अहसास चाहिए कि जैसी तड़प उसके दिल में है, वैसा ही भाव किसी और के दिल में भी उसके लिए मौजूद हो।
कुल मिलाकर, गुलजार का यह शेर इंसानी दिल की उस फितरत को बयान करता है, जहां हम सब चाहते हैं कि कोई हमें समझे, चाहे, चाहे हमारी तरफ से कोई उम्मीद लगाए। यह तड़प और चाहत ही इस शेर की खूबसूरती है।
गुलजार की रोमांटिक शायरी (Gulzar Romantic Shayari)
यहां पढ़ें मोहब्बत के अलग-अलग जज्बातों से भरे गुलजार के कुछ रोमांटिक शेर:
1. शाम से आँख में नमी सी है
आज फिर आप की कमी सी है
2. कितनी लम्बी ख़ामोशी से गुज़रा हूँ
उन से कितना कुछ कहने की कोशिश की
3. हम ने अक्सर तुम्हारी राहों में
रुक कर अपना ही इंतिज़ार किया
4. हाथ छूटें भी तो रिश्ते नहीं छोड़ा करते
वक़्त की शाख़ से लम्हे नहीं तोड़ा करते
5. तुम्हारे ख़्वाब से हर शब लिपट के सोते हैं
सज़ाएँ भेज दो हम ने ख़ताएँ भेजी हैं
6. दिल पर दस्तक देने कौन आ निकला है
किस की आहट सुनता हूँ वीराने में
7. एक ही ख़्वाब ने सारी रात जगाया है
मैं ने हर करवट सोने की कोशिश की
8. चंद उम्मीदें निचोड़ी थीं तो आहें टपकीं
दिल को पिघलाएँ तो हो सकता है साँसें निकलें
9. रुके रुके से क़दम रुक के बार बार चले
क़रार दे के तिरे दर से बे-क़रार चले
10. आंखों के पोछने से लगा आग का पता
यूं चेहरा फेर लेने से छुपता नहीं धुआं
गुलजार शब्दों को सजाते नहीं, उन्हें जीते हैं। शायद इसीलिए उनकी शायरी दिल में उतरकर वहीं बस जाती है। उनकी लिखावट भावनाओं का वो आईना है जिसमें हर कोई अपना चेहरा देख लेता है।
नए साल 2026 की ढेरों शुभकामनाएं। हमारे साथ देखें नए साल के खास बधाई संदेश, नए साल के संस्कृत शुभेच्छा संदेश, घर के बड़ों को हैपी न्यू ईयर कैसे कहें, न्यू ईयर विशेज फॉर हस्बैंड, वाइफ, बॉस, लव, नए साल के मोटिवेशनल बधाई संदेश, नए साल की देशभक्ति भरी विशेज। पढ़ें हैपी न्यू ईयर का जवाब कैसे दें। साथ ही देखें आज का राशिफल