लगभग हर घर में ही गैस सिलेंडर का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन कई बार सिलेंडर में कितनी गैस बची है इसका अंदाजा नहीं लग पाता और खाना बनाते वक्त ही गैस खत्म हो जाती है। इससे काफी परेशानी होती है। मुसीबत तब और भी बढ़ जाती है जब घर पर मेहमान आए हों और खाना बनाते वक्त अचानक गैस खत्म हो जाए। इस वक्त काफी शर्मिंदगी भी महसूस होती है। लेकिन आज हम कुछ ऐसे ट्रिक के बारे में बताने जा रहे हैं जिससे आप आसानी से पता कर सकते हैं कि सिलेंडर में कितनी गैस बची है।
गर्म पानी का तरीका
इसके लिए एक बाल्टी या जग में गुनगुना पानी लें। इस पानी को धीरे-धीरे सिलेंडर के एक तरफ नीचे की ओर डालें। कुछ सेकंड रुकें, फिर सिलेंडर पर हाथ फेरकर तापमान महसूस करें। जहां तक गैस भरी होगी, वह हिस्सा ठंडा महसूस होगा, जबकि खाली हिस्सा गर्म रहेगा। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि लिक्विड LPG गैस आसपास की गर्मी को सोख लेती है, जिससे सिलेंडर का वह हिस्सा ठंडा रहता है जहां गैस भरी होती है।
गीले कपड़े से पता लगाएं
एक कपड़ा लें और उसे पूरी तरह गीला कर लें। इस गीले कपड़े को सिलेंडर के चारों ओर लपेट दें। लगभग 3-4 मिनट तक कपड़े को लपेटे रहने दें, फिर उसे हटा दें। सिलेंडर का जो हिस्सा खाली होगा, वह जल्दी सूख जाएगा क्योंकि वह गर्म होता है। जबकि जिस हिस्से में गैस होगी, वह ठंडा होने के कारण देर से सूखेगा या गीला रहेगा।
वजन से लगाएं अंदाजा
सिलेंडर का वजन उठाकर अंदाज़ा लगा सकते हैं। खाली सिलेंडर का वजन आमतौर पर उसके ऊपर लिखा होता है। भरे हुए सिलेंडर का वजन खाली सिलेंडर के वजन और भरी हुई गैस के वजन को जोड़कर पता कर सकते हैं। फिर आप अपने सिलेंडर के वजन का अंदाज़ा लगाकर पता कर सकते हैं कि कितनी गैस बची है।
