लाइफस्टाइल

Chawal Se Paneer Recipe: क्या सच में चावल से बन सकता है पनीर, सोशल मीडिया की इस वायरल रेसिपी का जानिए सच

Chawal Se Paneer Recipe: सोशल मीडिया पर चावल से पनीर बनाने की रेसिपी चर्चा में है। जानिए क्या सच में चावल से पनीर बन सकता है। कैसे बना सकते हैं चावल से पनीर और इसके लिए क्या सामग्री चाहिए होगी।

Image

चावल से पनीर बनाने की रेसिपी वायरल, यहां लें पूरी जानकारी

Chawal Se Paneer Recipe: सोशल मीडिया पर इन दिनों चावल से पनीर बनाने की रेसिपी वायरल हो रही है। इसने कुकिंग के शौकीन लोगों को हैरान भी किया है और उत्सुक भी। ये रेसिपी बचे हुए पके चावल से बनाई जा सकती है। हालांकि इसके बारे में पूरी जानकारी देने से पहले हम यहां स्पष्ट कर रहे हैं कि यह दूध से बनने वाले पारंपरिक पनीर का विकल्प नहीं है। इसका स्वाद, टेक्सचर और पोषण पूरी तरह अलग होता है।

चावल से पनीर नहीं बनाया जा सकता है। बल्कि बचे चावल को एक खास तरीके से बनाकर पनीर की तरह टेक्सचर वाला एक खास आइटम बना सकते हैं। यानी इसे एक नई रेसिपी की तरह आप देख सकते हैं। अगर आपके घर में अक्सर पके हुए चावल बच जाते हैं और आप उनसे कुछ अलग बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए दिलचस्प हो सकती है।

चावल से पनीर बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए

इस रेसिपी के लिए आपको बहुत ज्यादा सामान जुटाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

  • 1 कप पके हुए चावल
  • 1 कप दूध
  • 2 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लोर
  • आधा छोटा चम्मच नमक

ऐसे तैयार करें चावल से पनीर जैसा ब्लॉक

इंस्टाग्राम पर शेफ एके ने चावल से पनीर बनाने का तरीका बताया है। सबसे पहले पके हुए चावल और दूध को मिक्सर में डालकर अच्छी तरह ब्लेंड कर लें। कोशिश करें कि पेस्ट बिल्कुल स्मूद बने। अगर इसमें चावल के दाने रह जाएंगे तो बाद में टेक्सचर अच्छा नहीं आएगा।

अब इस पेस्ट को एक नॉन-स्टिक पैन में डालें। इसमें कॉर्नफ्लोर और नमक मिलाकर मध्यम आंच पर पकाना शुरू करें। सबसे जरूरी बात यह है कि मिश्रण को लगातार चलाते रहें। कुछ ही मिनटों में यह गाढ़ा होने लगेगा और हलवे जैसी कंसिस्टेंसी में आ जाएगा।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: अमरोहा के नौबत खाना के लड्डू क्यों खास हैं

जब मिश्रण अच्छी तरह गाढ़ा हो जाए, तब इसे पहले से हल्का ग्रीस की हुई ट्रे या किसी फ्लैट कंटेनर में निकालकर बराबर फैला दें। ऊपर से स्पैटुला की मदद से सतह को समतल कर लें।

अब इसे 2 से 3 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। जब मिश्रण पूरी तरह सेट हो जाए, तब चाकू की मदद से मनचाहे आकार के क्यूब्स काट लें। इन्हें हल्का शैलो फ्राई करके स्नैक की तरह खाया जा सकता है या कुछ फ्यूजन रेसिपीज में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

अच्छी सेटिंग चाहिए तो इन बातों का रखें ध्यान

इस रेसिपी में सबसे बड़ी भूमिका टेक्सचर की होती है। इसलिए कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

सबसे पहले हमेशा अच्छी तरह पके हुए चावल ही लें। अधपके या सख्त चावल स्मूद पेस्ट नहीं बनने देते। मिश्रण पकाते समय आंच बहुत तेज न रखें और लगातार चलाते रहें, वरना नीचे से जलने या गांठ बनने की संभावना रहती है। कॉर्नफ्लोर डालने के बाद उसे अच्छी तरह घुलने दें। जब तक मिश्रण पूरी तरह गाढ़ा न हो जाए, गैस बंद न करें।

फ्रिज में रखने के बाद उसे बार-बार निकालकर देखने की जल्दबाजी भी न करें। जितनी अच्छी तरह मिश्रण सेट होगा, उतने ही साफ और मजबूत क्यूब्स बनेंगे।

ये गलतियां बिगड़ सकती हैं रेसिपी

इस वायरल रेसिपी में सबसे आम गलती लोग कॉर्नफ्लोर ज्यादा डालने की करते हैं। इससे तैयार ब्लॉक जरूरत से ज्यादा सख्त और रबड़ जैसा हो सकता है। वहीं अगर कॉर्नफ्लोर कम होगा तो मिश्रण ठीक से सेट नहीं होगा।

दूसरी गलती है मिश्रण को जल्दी काटने की। अगर यह पूरी तरह ठंडा और सेट नहीं हुआ है तो क्यूब्स टूट सकते हैं। इसी तरह तेज आंच पर पकाने से मिश्रण नीचे चिपक सकता है और स्वाद भी प्रभावित हो सकता है।

क्या यह सचमुच पनीर है

यही सबसे जरूरी बात समझने की है। यह रेसिपी देखने में भले पनीर जैसी लगे, लेकिन यह असली पनीर नहीं है। पारंपरिक पनीर दूध को फाड़कर तैयार किया जाता है, जबकि यह रेसिपी चावल, दूध और कॉर्नफ्लोर की मदद से तैयार होने वाला एक सेट ब्लॉक है।

अगर आप इसे दूध वाले पनीर जैसा स्वाद या प्रोटीन देने वाला विकल्प मानकर बनाएंगे तो निराशा हो सकती है। लेकिन बची हुई चीजों से कुछ नया बनाने का शौक है और सोशल मीडिया की वायरल रेसिपीज ट्राई करना पसंद करते हैं, तो यह एक मजेदार एक्सपेरिमेंट जरूर हो सकता है।

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article