लाइफस्टाइल

बच्चे अब नहीं छोड़ेंगे लंच, शेफ संजीव कपूर के 'कलरफुल कटलेट' से मिनटों में खाली हो जाएगा टिफिन

कटलेट का कुरकुरापन बच्चों को जंक फूड या बाजार के टिक्की-बर्गर जैसा स्वाद देता है, जिससे वे बिना किसी नखरे के इसे मजे से खा लेते हैं।

Image

शेफ संजीव कपूर से जानें गाजर चुकंदर के क्रिस्पी कटलेट की ईजी रेसिपी

जिनके बच्चे छोटे हैं और वो स्कूल जाते हैं तो उन पेरेंट्स की एक आम समस्या होती है। इन सबकी शिकायत होती है कि बच्चा टिफिन में सब्जियां ऐसे ही छोड़ देता है। गाजर, चुकंदर या हरी सब्जियां देखते ही मुंह बना लेता है। अब आपकी इस रोज की झंझट का काफी हद तक समाधान मशहूर शेफ संजीव कपूर ले आए हैं। उन्होंने कलरफुल कटलेट की ऐसी रेसिपी शेयर की है जो बेहद आसान, पौष्टिक और स्वादिष्ट है। ये कटलेट देखने में ही इतने आकर्षक हैं कि बच्चे खुद-ब-बखुद इसे खाने के लिए दौड़ पड़ेंगे।

क्यों खास है यह रेसिपी?

चुकंदर का गहरा लाल रंग और गाजर का नारंगीपन जब एक साथ मिलते हैं, तो यह कटलेट को बेहद खूबसूरत नेचुरल कलर देता है। इसमें किसी भी तरह के आर्टिफिशियल फूड कलर की जरूरत नहीं पड़ती। इसके अलावा, कटलेट का कुरकुरापन बच्चों को जंक फूड या बाजार के टिक्की-बर्गर जैसा स्वाद देता है, जिससे वे बिना किसी नखरे के इसे मजे से खा लेते हैं।

कटलेट बनाने के लिए जरूरी सामग्रियां:

- कसी हुई गाजर: 1 कप

- कसा हुआ चुकंदर: 1 कप

- उबले और मैश किए हुए आलू: 2 (बाइंडिंग के लिए)

- पनीर या छेना (कसा हुआ): आधा कप (प्रोटीन बढ़ाने के लिए)

- भुना जीरा पाउडर, अमचूर और चाट मसाला: स्वादानुसार

- बारीक कटा हरा धनिया और कटी हरी मिर्च: स्वादानुसार

- ब्रेड क्रम्ब्स या पोहा पाउडर: कोटिंग के लिए

- तेल: शैलो फ्राई करने के लिए

बनाने की आसान विधि:

मिक्सचर तैयार करें: एक बड़े बाउल में कसा हुआ गाजर, चुकंदर, उबले आलू और पनीर को अच्छी तरह मिला लें।

मसाले मिलाएं: अब इसमें भुना जीरा, अमचूर, चाट मसाला, नमक और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह से मैश कर लें ताकि सारे स्वाद आपस में घुल-मिल जाएं।

शेप दें: इस मिश्रण से छोटी-छोटी टिक्की या अपनी पसंद के शेप (जैसे हार्ट शेप या स्टार शेप) के कटलेट बना लें। अलग-अलग शेप देखकर बच्चे और ज्यादा आकर्षित होते हैं।

कोटिंग करें: तैयार कटलेट को ब्रेड क्रम्ब्स या पिसे हुए पोहे के पाउडर में अच्छे से रोल करें। इससे कटलेट बाहर से बेहद कुरकुरे बनेंगे।

शैलो फ्राई करें: एक नॉन-स्टिक पैन में थोड़ा सा तेल गरम करें और कटलेट को दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक मध्यम आंच पर सेक लें।

पैरेंट्स के लिए खास न्यूट्रिशन टिप

गाजर में विटामिन-ए प्रचुर मात्रा में होता है जो बच्चों की आंखों की रोशनी के लिए फायदेमंद है, वहीं चुकंदर आयरन और बीपी-रेगुलेशन के लिए जाना जाता है। आलू और पनीर से बच्चों को दिनभर के लिए जरूरी एनर्जी और प्रोटीन मिल जाता है।

आप इस गाजर-चुकंदर कटलेट को बच्चों के स्कूल टिफिन में हरे धनिए की चटनी या टमैटो सॉस के साथ पैक कर सकती हैं। यकीन मानिए, इस बार टिफिन खाली ही वापस आएगा।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article