नॉलेज

इतिहास में पहली बार समय पूर्व समाप्त हुआ मिशन! चार अंतरिक्षयात्री स्पेस स्टेशन से वापस धरती पर लौटे; जानें वजह

SpaceX Crew-11 Mission: अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब किसी मिशन को समय से पहले मेडिकल कारणों से समाप्त कर दिया गया। क्रू-11 मिशन के चारों अंतरिक्ष यात्री एक अगस्त 2025 को आईएसएस के लिए रवाना हुए थे। आमतौर पर ऐसे मिशन लगभग छह महीने तक चलते हैं।

Image

स्पेसएक्स क्रू-11 मिशन (फोटो साभार: NASA/@nasahqphoto)

Photo : Twitter

SpaceX Crew-11 Mission: पृथ्वी से 421 की ऊंचाई पर मौजूद अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब किसी मिशन को समय से पहले मेडिकल कारणों से समाप्त कर दिया गया। स्पेसएक्स के क्रू-11 मिशन के तहत स्पेस स्टेशन पर मौजूद 4 अंतरिक्ष यात्रियों को सुरक्षित पृथ्वी पर वापस लाया गया।

धरती पर वापस लौटे अंतरिक्ष यात्री

स्पेस डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक, नासा के माइक फिंके और ज़ीना कार्डमैन, जापान के किमिया यूई और रूसी कॉस्मोनॉट ओलेग प्लाटोनोव की धरती पर सुरक्षित वापसी हुई। स्पेसएक्स का ड्रैगन कैप्सूल चारों अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर 15 जनवरी को कैनिफोर्निया के तट के पास प्रशांत महासागर में उतरा। भारतीय समयानुसार दोपहर 2:11 बजे ड्रैगन कैप्सूल की लैंडिंग हुई।

आईएसएस से ड्रैगन कैप्सूल के अनडॉकिंग से लेकर लैंडिंग तक के बीच में लगभग 10.5 घंटे का समय लगा। सुरक्षित लैंडिंग के बाद अंतरिक्ष यात्री प्रफुल्लित नजर आए। जीना कार्डमैन ने कहा, ''घर वापस आकर बहुत अच्छा लग रहा है। हमें सुरक्षित ले जाने और वापस लाने वाली सभी टीमों के लिए दिल से धन्यवाद।''

अंतरिक्ष यात्रियों की समय पूर्व हुई वापसी

क्रू-11 मिशन के चारों अंतरिक्ष यात्री एक अगस्त 2025 को आईएसएस के लिए रवाना हुए थे। आमतौर पर ऐसे मिशन लगभग छह महीने तक चलते हैं, लेकिन एक क्रू मेंबर की तबीयत अचानक बिगड़ने की वजह से मिशन को लगभग एक माह पहले ही समाप्त करना पड़ा।

स्पेसवॉक भी हुई थी रद्द

7 जनवरी को प्रस्तावित एक स्पेसवॉक को 'मेडिकल कंसर्न' के चलते रद्द कर दिया गया था। अगले ही दिन नासा ने ऐलान किया कि क्रू-11 की जल्द ही धरती पर वापसी होगी। हालांकि, नासा ने इस बात का खुलासा नहीं किया कि आखिर किस अंतरिक्ष यात्री की तबियत बिगड़ गई या उन्हें क्या समस्या हुई थी? लेकिन अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी ने यह जरूर साफ किया कि स्थिति स्थिर है।

NASA Crew-11 Mission

स्पेस स्टेशन से वापस लौटे अंतरिक्ष यात्री (फोटो साभार: NASA/@nasahqphoto)

स्पेसएक्स क्रू-11 मिशन

क्रू-11 मिशन के तहत अंतरिक्ष यात्रियों ने स्पेस स्टेशन पर 165 दिन बिताए और यह मिशन 167 दिनों का रहा। सबसे दिलचस्प बात तो यह है कि जीना कार्डमैन और ओलेग प्लाटोनोव की यह पहली अंतरिक्ष उड़ान थी, जबकि किमिया यूई की दूसरी और माइक फिंके की चौथी उड़ान थी। किमिया यू ने अब तक कुल 309 दिन स्पेस में गुजारे हैं, जबकि माइक फिंके को अब 549 दिनों का अनुभव हो चुका है।

NASA ने क्या कुछ कहा

नासा के वरिष्ठ अधिकारी जेरेड आइजैकमैन के मुताबिक, यह इमरजेंसी डी-ऑर्बिट नहीं था, लेकिन स्पेस स्टेशन पर बीमारी का सही उपचार संभव नहीं था, इसलिए मिशन को जल्दी समाप्त करने का फैसला लिया गया।

ISS में अभी कितने लोग हैं?

क्रू-11 मिशन की वापसी के बाद स्पेस स्टेशन पर महज तीन लोग शेष हैं जिनमें नासा के क्रिस्टोफर विलियम्स और रूस के दो कॉस्मोनॉट सर्गेई कुड-स्वेर्चकोव और सर्गेई मिकायेव शामिल हैं। ये तीनों 27 नवंबर को सोयूज यान से स्पेस स्टेशन पहुंचे थे और अब उन्हें ही आईएसएस को संभालना होगा, क्योंकि स्पेसएक्स का क्रू-12 मिशन 15 फरवरी को लॉन्च होने की संभावना है।

क्या पहली बार जल्दी समाप्त हुआ मिशन

बकौल रिपोर्ट, मेडिकल कारणों से तो पहली बार ही अंतरिक्ष से मिशन को समय पूर्व समाप्त किया गया है, लेकिन अंतरिक्ष इतिहास में ऐसा पहले भी हो चुका है। नवंबर 1985 में सोवियत संघ ने सैल्यूट-7 स्पेस स्टेशन से तीन कॉस्मोनॉट्स को समय से पहले वापस बुलाया था, क्योंकि उनमें से एक व्लादिमीर वास्युटिन बीमार हो गए थे।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article