Kanpur: 'पिस्तौल लहराते हुए घर आया था विकास', दोस्त की पत्नी ने किया सनसनीखेज खुलासा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 22, 2020, 09:56 AM IST

Kanpur News: कानपुर गैंग्स्टर विकास दुबे के दोस्त की पत्नी ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए कहा है कि वारदात वाले दिन वह उसके घर आया था और उसके पति को अपने साथ लेकर चला गया था।

Kanpur: 'पिस्तौल लहराते हुए घर आया था विकास', दोस्त की पत्नी ने किया सनसनीखेज खुलासा

कानपुर : गैंग्स्टर विकास दुबे के साथी शशिकांत की पत्नी मनु ने सोमवार को पुलिस के सामने वारदात से जुड़े सनसनीखेज खुलासे किए। उसने बताया कि उस दिन वारदात के तुरंत पहले क्या हुआ था। पुलिस के सामने दूसरे दौर की पूछताछ में मनु ने बताया कि उस दिन 2 जुलाई को रात 12 बजे विकास पिस्तौल लहराते हुए उसके घर आया था।

मनु ने आगे बताया कि घर आने के बाद वह मेरे पति शशिकांत को अपने साथ ले गया। उन दोनों के जाने के बाद मेरे ससुर प्रेम प्रकाश ने मुझसे कहा कि वह घर का दरवाजा ना खोले जब तक कि ना कहा जाए। इसके अलावा उसे ये भी कहा गया कि वह खुद को और अपने बच्चों को एक कमरे में सुरक्षित बंद कर ले क्योंकि शूटआउट होने वाला है।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक मनु ने आगे बताया कि हालांकि शूटआउट के बाद ना ही उसका पति और ना ही उसके ससुर वापस घर आए। इसके बाद मनु ने अपने घर के अंदर से शोरगुल की आवाजें सुनी। पुलिस के मुताबिक उसने बताया कि उसने दो लोगों को कहते हुए सुना कि हम उसे दर्दनाक मौत देंगे इसके बाद लगातार दो गोलियां चलीं। 

बता दें कि बिकरू गांव में 2-3 जुलाई की रात गैंग्स्टर विकास दुबे ने अपने साथियों के साथ मिलकर आठ पुलिसकर्मियों की गोली मार कर हत्या कर दी थी। विकास दुबे पुलिसकर्मियों की हत्या करने के बाद फरार हो गया था। उसे नौ जुलाई को मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर से गिरफ्तार किया गया। 

हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे और उसके सहयोगी को बाद में यूपी पुलिस ने एक एनकाउंटर में मार दिया। पुलिस के मुताबिक जब उसे पुलिस वाहन में लाया जा रहा था तब गाड़ी पलट गई थी और इसका फायदा उठाते हुए वह भागने की फिराक में था। इसी दौरान पुलिस से उसकी झड़प हो गई और पुलिस ने अपनी रक्षा में उसपर गोलियां चला दी जिसमें उसकी मौत हो गई। हालांकि इस एनकाउंटर पर कई सवाल उठ रहे हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!