साइकिल से महिला को लगी टक्कर तो 60 वर्षीय व्यक्ति को किया लिंच, लोगों ने पीट-पीट कर ली जान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 28, 2020, 12:47 PM IST

60 वर्षीय व्यक्ति के साइकिल से एक महिला को टक्कर लगी तो ग्रामीणों ने मिलकर उस व्यक्ति की मॉब लिचिंग कर दी। लोगों ने पीट-पीट कर उसकी जान ले ली।

साइकिल से महिला को लगी टक्कर तो 60 वर्षीय व्यक्ति को किया लिंच, लोगों ने पीट-पीट कर ली जान
Photo Credit: Representative Image

कानपुर : उन्नाव से सटे कोठियारी गांव में 60 वर्षीय शख्स को कथित तौर पर कुछ लोगों ने मिलकर पीटा। खबर के मुताबिक उसकी साइकिल से एक महिला को धक्का लग गया था जिसके बाद कुछ लोगों ने मिलकर उस व्यक्ति को पकड़ कर जम कर पीटा। पुलिस ने इस संबंध में दो लोगों को हिरासक में लिया है।

पुलिस के मुताबिक पीड़ित की पहचान रामेश्वर के तौर पर हुई है। वह अपनी साइकिल पर जा रहा था तभी उसकी साइकिल से एक महिला का एक्सीडेंट हो गया। साइकिल से धक्का लगने के बाद महिला सड़क पर गिर पड़ी जिसके बाद उस शख्स और महिला के परिवार के बीच झगड़ा हो गया। इसके बाद कुछ और लोगों ने मिलकर उसे पकड़ लिया और उसे पीटना शुरू कर दिया। 

पुलिस ने बताया कि बाद में उसे घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रामेश्वर के बेटे ने रोते हुए पुलिस को बताया कि उसके पिता को कुछ लोगों ने मिलकर बुरी तरह पीटा इसके बाद उसे पानी से भरे नाले में भी डुबाने की कोशिश की। उन्हें इतना पीटा गया कि वे बेहोश हो गए थे। उन क्रूर लोगों ने मेरे पिता को मार दिया।

उसने बताया कि कुछ लोग उन्हें बचाने गए थे लेकिन उन्हें धमकी दी गई। इसके बाद वे वापस चले गए और दूसरे लोगों को अलर्ट कया। लेकिन जब तक दूसरे वहां पहुंचते उसके पिता वहां पर खून से लथपथ जमीन पर मृत पड़े थे।

रामेश्वर के बेटे राम बाबू ने कहा कि उन लोकल गुंडों ने मिलकर मेरे पिता को मार डाला उन्हें फौरन अरेस्ट किया जाना चाहिए। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में एक केस दर्ज कर लिया गया है और दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!