राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से 10 और लोगों की मौत, सामने आए 333 नये मामले

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 13, 2020, 10:43 PM IST

देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और राजस्थान भी इससे अछूता नहीं है। राजस्थान में शनिवार को 333 नए मामले सामने आए। राज्य में 12 हजार से अधिक मामले सामने आ गए हैं।

राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से 10 और लोगों की मौत, सामने आए 333 नये मामले

जयपुर: राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से शनिवार को 10 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 282 हो गई है। इसके साथ ही 333 नये मामले सामने आए जिससे राज्य में इस घातक वायरस से संक्रमितों की अब तक की कुल संख्या 12,401 हो गयी। इनमें से 2782 मरीजों का इलाज चल रहा हैं।

अतिरिक्त मुख्य सचिव रोहित कुमार सिंह ने बताया कि जयपुर में दो तथा भरतपुर और जयपुर में चार-चार और संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। इसके अलावा अन्य राज्यों के दो संक्रमितों की मौत यहां हुई है। इससे राज्य में मृतकों की कुल संख्या 282 हो गई है। उन्होंने बताया कि केवल जयपुर में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या 127 हो गयी है जबकि जोधपुर में 27, कोटा में 18, अजमेर में 12 और भरतपुर में 15 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। अन्य राज्यों के 18 रोगियों की भी यहां मौत हुई है।


उन्होंने बताया कि शनिवार को केवल जयपुर में कोरोना वायरस से 27 लोग संक्रमित पाये गये है। राजधानी में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढकर 2505 पहुंच गई है।
वहीं शनिवार रात साढे आठ बजे तक राज्य में संक्रमण के 333 नये मामले सामने आये। इनमें जोधपुर में 75, पाली में 62, भरतपुर में 39, जयपुर में 27, सीकर में 16, धौलपुर में 14, सिरोही में 13, झुंझुनू में 12, अजमेर और नागौर में 11-11, जालौर में आठ, चुरू और दौसा में सात-सात, बाड़मेर में पांच नये रोगी भी शामिल हैं।


राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों में दो इतालवी नागरिकों के साथ-साथ 61 वे लोग भी हैं जिन्हें ईरान से लाकर जोधपुर और जैसलमेर में सेना के आरोग्य केंद्रों में ठहराया गया था। राज्यभर में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण कई थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा हुआ है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!