कोलकाता स्थित इटली के महावाणिज्य दूतावास द्वारा भारत दौरे पर आई इटली की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के सम्मान में एक विशेष स्वागत एवं परिचय समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन पुरुष अंतरराष्ट्रीय ट्वेंटी-ट्वेंटी क्रिकेट विश्व कप 2026 में इटली की टीम के प्रथम सहभागिता अवसर पर किया गया। यह समारोह महावाणिज्य दूतावास परिसर में आयोजित हुआ, जहां खेल और संस्कृति के माध्यम से भारत और इटली के बीच आपसी मित्रता, सौहार्द और सांस्कृतिक संवाद को सशक्त बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में इटैलियन क्रिकेट प्रतिनिधिमंडल, कूटनीतिक अधिकारी तथा विशिष्ट आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहे।
इटली के महावाणिज्य दूत रिक्कार्दो दल्ला कोस्ता ने कहा...
इस अवसर पर कोलकाता में इटली के महावाणिज्य दूत रिक्कार्दो दल्ला कोस्ता ने कहा,“कोलकाता में मिशन का नेतृत्व कर रहे व्यक्ति के रूप में, पुरुष ट्वेंटी-ट्वेंटी क्रिकेट विश्व कप में पदार्पण कर रही इटैलियन क्रिकेट टीम की मेजबानी से बेहतर अवसर कोई नहीं हो सकता, विशेष रूप से तब जब वे कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेल रहे हों| हमारा प्रयास है कि टीम यहां स्वयं को घर से दूर भी घर जैसा महसूस करे और इसी उद्देश्य से उनके लिए पारंपरिक इटैलियन भोजन की व्यवस्था की गई।”
समृद्ध पाक परंपरा की झलक देखने को मिली
समारोह के दौरान फैब्रिका ओरिजिनाले द्वारा पारंपरिक इटैलियन व्यंजनों का चयनित मेन्यू प्रस्तुत किया गया, जिसमें इटली की समृद्ध पाक परंपरा की झलक देखने को मिली। उल्लेखनीय है कि विश्व कप में पदार्पण कर रही इटली की टीम को अपने पहले मुकाबले में स्कॉटलैंड की टीम के विरुद्ध 73 रन से पराजय का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद कोलकाता में आयोजित यह आत्मीय स्वागत समारोह खेल कूटनीति और सांस्कृतिक मैत्री का एक प्रभावशाली उदाहरण बनकर सामने आया।
स्कॉटलैंड और इटली के बीच हुआ मुकाबला
बीते नौ फरवरी को स्कॉटलैंड और इटली के बीच मुकाबला हुआ। इस मुकाबले में स्कॉटलैंड ने इटली को 73 रन से हरा दिया। मैच में स्कॉटलैंड के खिलाफ इटली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। स्कॉलैंड ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 207 रन बनाए जिसमें जॉर्ज मुन्से ने शानदार 54 गेंद पर 84 रन की पारी खेली, इसके अलावा ब्रैंडन मैकमुलन ने 18 गेंद पर 41 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को 207 रन पर ले जाने में अहम भूमिका निभाई।
