Gwalior News : ग्वालियर से एक अजीबो-गरीब खबर सामने आई है। यहां एक महिला ने मां बनने के लिए जेल में बंद अपने पति को रिहा करने की मांग की है। बता दें कि महिला का पति हत्या के एक मामले में बीते सात सालों से जेल में बंद है। महिला ने अपनी अर्जी में कहा है कि वह अपने पति से बच्चा चाहती है, इसलिए प्रशासन को उसे परोल पर रिहा करना चाहिए। महिला की अर्जी पर अंतिम फैसला जिलाधिकारी करेंगे।
शिवपुरी इलाके में रहता है महिला का परिवार
महिला का परिवार शिवपुरी इलाके में है। जेल अधिकारियों से गुहार लगाने वाले परिवार की दलील है कि दारा सिंह जाटव अपनी शादी के तुरंत बाद हत्या मामले में जेल चला गया। दारा के पिता करीम सिंह जाटव का कहना है कि परिवार ने उनके बेटे की शादी का जश्न भी ठीक से नहीं मनाया था कि पुलिस ने दारा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक के पास भेजी महिला की अर्जी
करीम का कहना है कि उनकी बहू बीमार रहती है और वह बच्चे को जन्म देना चाहती है। इसलिए उसकी इच्छा है कि जेल में बंद उसके पति को कुछ दिनों के लिए रिहा किया जाए। परिवार की यह अर्जी विचार के लिए शिवपुरी के पुलिस अधीक्षक के पास भेज दी गई है।
अर्जी पर अंतिम निर्णय जिलाधिकारी करेंगे
रिपोर्टों के मुताबिक इस मामले पर ग्वालियर सेंट्रल जेल के पुलिस अधीक्षक विदित सरवैया ने कहा कि आजीवन कारावास भुगत रहा कैदी दो साल की सजा काटने के बाद परोल पाने का हकदार है बशर्ते कि उसका अपने साथी कैदियों एवं जेल कर्मियों के साथ उसका बर्ताव 'अच्छा' हो। हालांकि, सरवैया ने कहा कि किसी कैदी को परोल देना है अथवा नहीं देना है इस बात का अंतिम निर्णय जिलाधिकारी करते हैं।
