देश

नरेंद्र मोदी के बाद कौन होंगे अगले प्रधानमंत्री? संघ प्रमुख मोहन भागवत ने दिया अहम संकेत, जानिए क्या कहा

चेन्नई में आरएसएस के शताब्दी वर्ष समारोह में भागवत की प्रतिक्रिया को व्यापक रूप से इस बात का संकेत माना गया कि संघ का भाजपा के उत्तराधिकार विवाद में शामिल होने का कोई इरादा नहीं है।

Image

मोहन भागवत का अहम बयान (PTI)

Who Will Be Next PM: नरेंद्र मोदी के बाद देश के प्रधानमंत्री कौन होंगे? जब ये सवाल संघ प्रमुख मोहन भागवत से एक कार्यक्रम में पूछा गया तो उन्होंने तस्वीर साफ कर दी। दरअसल, तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष समारोह का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में आरएसएस सर संघ चालक मोहन भागवत बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। इस दौरान उनसे सवाल पूछा गया कि नरेंद्र मोदी के बाद अगला प्रधानमंत्री कौन होगा? इस सवाल का जवाब देते हुए मोहन भागवत ने कहा कि ये फैसला बीजेपी और मोदी करेंगे।

भागवत ने दिया अहम संकेत

चेन्नई में आरएसएस के शताब्दी वर्ष समारोह में भागवत की प्रतिक्रिया को व्यापक रूप से इस बात का संकेत माना गया कि संघ का भाजपा के उत्तराधिकार विवाद में शामिल होने का कोई इरादा नहीं है। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, भागवत ने आरएसएस कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा और मोदी इस पर चर्चा करेंगे और निर्णय लेंगे।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि अगर भारत को विश्वगुरु बनना है तो जाति-आधारित और भाषाई विभाजन को मिटाना होगा। उन्होंने कहा, हमें आरएसएस को एक लाख या उससे ज्यादा जगहों तक ले जाना होगा। हमें जाति और भाषाई विभाजन को मिटाकर एकता का समाज बनाना होगा।

तमिलनाडु में 100 प्रतिशत राष्ट्रवादी भावना मौजूद

अपने संबोधन में मोहन भागवत ने तमिलनाडु में आरएसएस की अपेक्षाकृत सीमित उपस्थिति पर भी टिप्पणी की। भागवत ने कहा कि तमिलनाडु में 100 प्रतिशत राष्ट्रवादी भावना मौजूद है, लेकिन कुछ कृत्रिम बाधाएं रुकावट बन रही हैं। भागवत ने कहा कि ये कृत्रिम अवरोध ज्यादा समय तक नहीं टिकेंगे। हमें मिलकर इन्हें खत्म करने की दिशा में काम करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि तमिलनाडु की जनता संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित रही है और इन मूल्यों को और मजबूत करने की जरूरत है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article