देश

राजस्थान में भी 'सियासी धमाका' करेगी BJP? CM के चुनाव को लेकर MLA ने दिए ये संकेत

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Dec 12, 2023, 11:52 AM IST

Rajasthan Politics: हाल के दिनों में कई भाजपा विधायकों ने पूर्व मुख्यमंत्री राजे से मुलाकात की है, जिसे उनके प्रति समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है। इन अटकलों के बीच पार्टी इस बार चौंका सकती है। चुनाव हारने वाले राजेंद्र राठौड़ समेत पार्टी नेताओं ने कहा कि भाजपा में शक्ति प्रदर्शन की कोई परंपरा नहीं है।

Image

राजस्थान में बीजेपी को 2023 के विस चुनाव में 115 सीट पर जीत के साथ बहुमत मिला।(फाइल)

Photo : AP

Rajasthan Politics: राजस्थान में मुख्यमंत्री के चुनाव पर फिलहाल पेंच फंसा है। सस्पेंस के बीच माना जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) आज यानी मंगलवार (12 दिसंबर, 2023) को इसका ऐलान कर सकती है। शाम चार बजे सूबे की राजधानी जयपुर में भाजपा विधायक दल की बैठक है, जिसमें मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला लिया जा सकता है। मीटिंग में पार्टी पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह भी हिस्सा लेंगे। हालांकि, सीएम के चुनाव से पहले पार्टी के एक विधायक ने संकेत दिए हैं बीजेपी राजस्थान में भी सियासी धमाका कर सकती है और सीएम के चुनाव के लिए उसका वही पैटर्न रहेगा, जो कि उसने छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में अपनाया है।

सूबे से बीजेपी के विधायक जोगेश्वर गर्ग ने इस बाबत समाचार एजेंसी एएनआई से बात की। उन्होंने बताया, "जैसा शेष दो सूबों (छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश) में हुआ है, वैसी ही प्रक्रिया और परिदृश्य यहां भी रहेगा। पर्यवेक्षक आ रहे हैं...वे थोड़ा जल्दी आने वाले थे पर किसी कारण थोड़ी देर हो गई।"

बकौल गर्ग, "पर्यवेक्षक दोपहर एक बजे के पहले पहुंच जाएंगे और सारे विधायकों को भी एक बजे ही बुलाया गया है। भोजन पर हम साथ होंगे और उसके बाद औपचारिक रूप से विधायक दल की बैठक होगी। उसमें क्या कुछ होगा...वह सब पर्यवेक्षकों के हाथ में है।"

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, गजेंद्र सिंह शेखावत और अश्विनी वैष्णव राजस्थान में मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे बताए जा रहे हैं। वैसे, राजस्थान उन तीन राज्यों में से एक है जहां भाजपा ने हाल के चुनावों में जीत हासिल की थी। राज्य में 200 में से 199 सीट के लिए हुए चुनाव के परिणाम तीन दिसंबर को घोषित किए गए। भाजपा को 115 सीट पर जीत के साथ बहुमत मिला है।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!