देश

नाना पाटेकर के निधन की खबर सुनकर गहरा सदमा लगा, दिल टूट गया...दिग्गज नेताओं ने क्या-क्या कहा?

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी तक, दिग्गज नेताओं ने नाना पाटेकर के निधन पर शोक और दुख जताया है।

Image

नाना पाटेकर के निधन से शोक की लहर

Nana Patekar Passes Away: वेटरन अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से देश में शोक की लहर दौड़ गई है। नाना की असमय विदाई पर दिग्गज नेताओं ने हैरानी जताते हुए शोक जाहिर किया है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी तक, दिग्गज नेताओं ने नाना पाटेकर के निधन पर शोक और दुख जताया है।

सीएम योगी ने जताया दुख

सीएम योगी ने दुख जताते हुए एक्स पर कहा- प्रख्यात अभिनेता, रंगमंच के सशक्त कलाकार एवं संवेदनशील समाजसेवी, 'पद्म श्री' नाना पाटेकर जी का निधन कला जगत की अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने विलक्षण अभिनय से भारतीय सिनेमा को समृद्ध किया और अपने सामाजिक सरोकारों से समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भी अभिव्यक्त किया। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों एवं प्रशंसकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।

निधन की खबर बेहद दुखद, बोले गडकरी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन की खबर बेहद दुखद और चौंकाने वाली है। मेरी ओर से उन्हें हार्दिक श्रद्धांजलि। नाना और मेरा बहुत घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध था। अपने दमदार अभिनय से नाना पाटेकर ने पांच दशकों से अधिक समय तक मराठी और हिंदी फिल्मों के माध्यम से दर्शकों के दिलों पर राज किया। अपनी अनूठी संवाद शैली से उन्होंने फिल्मों में कई किरदारों को अमर कर दिया और अपनी एक अलग पहचान बनाई। उनका निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है। महाराष्ट्र के ग्रामीण क्षेत्रों में 'नाम फाउंडेशन' के माध्यम से जल संरक्षण और भंडारण के क्षेत्र में उन्होंने जो कार्य किया है, वह सराहनीय और महत्वपूर्ण है। आत्महत्या करने वाले किसानों के परिवारों को उन्होंने जो सहायता प्रदान की, वह अनेक परिवारों के लिए सहारा बनी। नाना एक महान कलाकार-अभिनेता होने के साथ-साथ समाज के प्रति संवेदनशील व्यक्तित्व भी थे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। ओम शांति।

सीएम सुवेंदु अधिकारी बोले- दिल टूट गया

प. बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी ने कहा, महान अभिनेता श्री नाना पाटेकर जी के अचानक निधन की दुखद खबर सुनकर गहरा सदमा लगा है और दिल टूट गया है। भारतीय सिनेमा ने अपनी एक सबसे सशक्त, सच्ची और अपूरणीय आवाज खो दी है। नाना जी ने सिर्फ किरदार नहीं निभाए; उन्होंने हर किरदार में बेबाक और निर्भीक सच्चाई का संचार किया। परिंदा, क्रांतिवीर और प्रहार जैसी दमदार फिल्मों से लेकर अब तक छप्पन की दिल को छू लेने वाली तीव्रता तक, उनकी कला ने एक ऐसा मानदंड स्थापित किया जिसे शायद ही कोई हासिल कर पाए। सिनेमा से परे, उनकी सादगी, गहरी विनम्रता और सामाजिक कार्यों और ग्रामीण समुदायों के प्रति निस्वार्थ समर्पण उनकी आत्मा की सच्ची महानता को दर्शाता है।

नाना पाटेकर जी, आपकी आत्मा को शांति मिले। आपकी आवाज, आपका जोशीला व्यक्तित्व और आपकी महान विरासत हमेशा हमारे दिलों में बसी रहेगी। उनके परिवार, मित्रों और दुनिया भर में उनके लाखों प्रशंसकों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। ओम शांति 🙏

राजनाथ सिंह ने बताया अपूरणीय क्षति

वरिष्ठ भाजपा नेता व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनकी असाधारण बहुमुखी प्रतिभा और गहनता कुछ ही अभिनेताओं में देखने को मिलती थी। वे अपनी बेमिसाल हास्य-व्यंग्य शैली से दर्शकों को हंसा सकते थे, वहीं अंकुश, प्रहार और क्रांतिवीर जैसी फिल्मों में उन्होंने एक ऐसी सहजता और गंभीरता का परिचय दिया जिसने हर किरदार को अविस्मरणीय बना दिया। उनकी आवाज, उनका व्यक्तित्व और बिल्कुल अलग-अलग दुनिया में ढल जाने की क्षमता ने उन्हें वास्तव में अद्वितीय बना दिया। नाना पाटेकर सिर्फ एक अभिनेता नहीं थे; वे स्वयं में एक संस्था थे। भारतीय सिनेमा में उनका उल्लेखनीय योगदान पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। उनके परिवार, मित्रों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। उनकी आत्मा को शांति मिले। ओम शांति!

प्रकाश जावडेकर ने कहा, महान कलाकार ही नहीं, महान व्यक्ति भी थे नाना पाटेकर

वहीं, बीजेपी नेता प्रकाश जावडेकर ने नाना पाटेकर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए, नाना पाटेकर एक महान कलाकार होने के साथ-साथ एक महान व्यक्ति भी थे। उनकी सोच और कला अनमोल थी क्योंकि उन्होंने अपने काम में जान फूंक दी थी; वे एक सच्चे कलाकार थे। उनके अचानक निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। उन्होंने जल संरक्षण के क्षेत्र में भी सामाजिक कार्य किया। यह हिंदी और मराठी सिनेमा दोनों के लिए एक दुखद दिन है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article