Who Was Chandranath Rath: पश्चिम बंगाल की राजनीति में बुधवार रात उस समय बड़ा झटका लगा, जब भाजपा नेता सुवेंदुअधिकारी (Suvendu Adhikari) के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ (Chandranath Rath Murder) रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में बाइक सवार हमलावरों ने उनकी कार को रोककर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस घटना के बाद पूरे राज्य में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। 41 वर्षीय चंद्रनाथ रथ सिर्फ एक राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं थे, बल्कि सुवेंदुअधिकारी के सबसे भरोसेमंद लोगों में गिने जाते थे।
उनका रिश्ता सुवेंदु और उनके परिवार से दो दशक से भी ज्यादा पुराना बताया जाता है। चंद्रनाथ मूल रूप से पूर्वी मेदिनीपुर जिले के चांदीपुर इलाके के रहने वाले थे। यही जिला सुवेंदु अधिकारी की राजनीति का मजबूत गढ़ माना जाता है। चंद्रनाथ का जीवन राजनीति से पहले पूरी तरह अलग था। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई रहारा रामकृष्ण मिशन (Rahara Ramakrishna Mission) से पूरी की। छात्र जीवन में वे आध्यात्मिक विचारों से काफी प्रभावित थे और कुछ समय तक उन्होंने साधु जीवन अपनाने के बारे में भी सोचा था। लेकिन बाद में उन्होंने देश सेवा का रास्ता चुना और भारतीय वायु सेना में शामिल हो गए।
20 सालों तक भारतीय वायु सेना में दी सेवा
बताया जाता है कि चंद्रनाथ ने करीब 20 वर्षों तक भारतीय वायु सेना में सेवा दी। वहां उन्होंने अनुशासन, शांत स्वभाव और जिम्मेदारी के साथ काम किया। वायु सेना से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद उन्होंने कुछ समय कॉर्पोरेट सेक्टर में भी काम किया। इसके बाद उनका झुकाव धीरे-धीरे राजनीति और संगठनात्मक कामों की ओर बढ़ने लगा। चंद्रनाथ का परिवार पहले तृणमूल कांग्रेस से जुड़ा हुआ था। उनकी मां हासी रथ स्थानीय पंचायत राजनीति में सक्रिय थीं। साल 2020 में जब सुवेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा जॉइन की, तब चंद्रनाथ का परिवार भी उनके साथ भाजपा में शामिल हो गया।
सुवेंदु अधिकारी के मंत्रालय से जुड़े संभाले काम
हालांकि चंद्रनाथ लंबे समय तक मीडिया और प्रचार से दूर रहे, लेकिन पार्टी के भीतर उनकी पहचान बेहद मजबूत थी। वे पहली बार करीब 2019 में सुवेंदु अधिकारी की आधिकारिक टीम का हिस्सा बने, जब शुभेंदु ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) सरकार में मंत्री थे। उस दौरान चंद्रनाथ ने मंत्री कार्यालय से जुड़े कई महत्वपूर्ण काम संभाले। भाजपा में आने के बाद भी उन्होंने शुभेंदु के साथ काम जारी रखा। धीरे-धीरे वे पार्टी संगठन और चुनावी रणनीति का अहम चेहरा बन गए। विधानसभा चुनावों और कई बड़े राजनीतिक अभियानों में उन्होंने पर्दे के पीछे रहकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भाजपा की मुख्य टीम का थे हिस्सा
भवानीपुर जैसे हाई-प्रोफाइल चुनाव अभियानों में भी वे भाजपा की मुख्य टीम का हिस्सा रहे। पार्टी नेताओं के मुताबिक, चंद्रनाथ कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच मजबूत संपर्क बनाए रखते थे। वे संगठनात्मक बैठकों, कार्यक्रमों और राजनीतिक अभियानों के समन्वय का काम संभालते थे। इसी वजह से उन्हें शुभेंदु अधिकारी का सबसे भरोसेमंद सहयोगी माना जाता था। बुधवार रात उनकी हत्या ने बंगाल की राजनीति में सनसनी फैला दी।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश जारी है। इस घटना के बाद राज्य में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं। चंद्रनाथ रथ की कहानी एक ऐसे व्यक्ति की कहानी है, जिसने वायु सेना से लेकर राजनीति तक हर जिम्मेदारी को शांत और समर्पित तरीके से निभाया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
