देश

हमें नहीं मतलब वो क्या कहते हैं, बस ये बताएं गोलियां किसके आदेश से चली?- अमित शाह के जवाब पर राहुल गांधी का पलटवार

राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने अमित शाह (Amit Shah) के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अमित शाह ये बताएं कि वो 20 दिन से सदन में क्यों नहीं आए। वो आखिरी समय में माहौल बनाने की कोशिश में हैं।

Image

राहुल गांधी का अमित शाह पर पलटवार

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने अमित शाह (Amit Shah) के बयान पर बड़ा पलटवार किया है। अमित शाह के बयान का जवाब देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि शाह क्या कह रहे हैं, उससे मतलब नहीं है, बस वो ये बताएं कि किसके आदेश से छात्रों पर गोलियां चली? पैलेट गन चलाने का आदेश किसने दिया था?

राहुल गांधी ने क्या कहा?

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, "विपक्ष ने साफ तौर पर कहा है कि हमें अमित शाह का लेक्चर सुनने में कोई दिलचस्पी नहीं है। जब मैं 'हम' कहता हूं, तो मेरा मतलब देश की युवा पीढ़ी से है। छात्रों पर गोली किसने चलाई? कील लगी लाठियों से छात्रों को पीटने का आदेश किसने दिया? क्या हमारे बच्चों पर गोली चलाने का आदेश अमित शाह ने दिया था? अगर उन्होंने ऐसा किया है, तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। पिछले 20 दिनों से अमित शाह गायब हैं। भारत के गृह मंत्री में हिम्मत नहीं है; वे सदन में नहीं आ सकते।"

अमित शाह ने क्या कहा?

बीते 20 जुलाई को आरंभ हुए संसद के मानसून सत्र के दौरान दोनों सदनों में जारी गतिरोध के बीच शाह ने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपना पक्ष रखा और आरोप लगाया कि विपक्ष चर्चा होने ही नहीं देना चाहता। शाह ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा कि संसद का मानसून सत्र शुरू होने के बाद से वह नियमित रूप से संसद आ रहे हैं और अपने कक्ष में बैठते हैं, लेकिन विपक्ष दोनों सदनों की कार्यवाही नहीं चलने दे रहा है। उन्होंने कहा, ’’लापता’, ’भाग गए’ ’भगोड़े हैं,’ इस प्रकार की भाषा भारत के सार्वजनिक और संसदीय जीवन में आजकल सुनाई दे रही है। लेकिन मैं संसद में नियमित रूप से आ रहा हूं। मैं अपने कक्ष में बैठता हूं, लेकिन जब विपक्ष संसद को चलने ही नहीं दे रहा है, तो कोई जाकर क्या करेगा।’’

चर्चा को तैयार सरकार

शाह ने कहा कि विपक्ष चर्चा कराने के लिए आज दोपहर दो बजे तक लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र दे दे और आज तीन बजे से अगले दिन तीन बजे तक सभी प्रकार की चर्चा हो जाए। उन्होंने कहा, ’’मैं सदन में बैठूंगा, सभी को सुनूंगा और हर बिंदु का जवाब दूंगा। सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है। मैं इस बात पर भी चर्चा करूंगा कि आपने (विपक्ष) चर्चा क्यों नहीं चाही।’’

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली राजग सरकार किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष को संसद की कार्यवाही चलने देनी चाहिए। गृह मंत्री ने कहा कि अब विपक्ष को तय करना है कि उन्हें चर्चा करनी है या हंगामा करना है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article