देश

'चाहे अंतरिक्ष हो या स्टार्ट-अप महिलाएं डाल रहीं बड़ा प्रभाव', PM मोदी बोले- विकसित भारत के निर्माण में उनकी अहम भूमिका

PM Modi Interview: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी और सरकार द्वारा उठाए गए कदम उन्हें सशक्त बनाएंगे।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)

PM Modi Interview: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी और सरकार द्वारा उठाए गए कदम उन्हें सशक्त बनाएंगे। प्रधानमंत्री ने 'पीटीआई-भाषा' को दिए एक विशेष साक्षात्कार में कहा कि पिछले कुछ वर्षों में यह गर्व का विषय रहा है कि भारतीय महिलाएं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व कर रही हैं। उन्होंने कहा, ''चाहे अंतरिक्ष हो या स्टार्ट-अप, वे बड़ा प्रभाव डाल रही हैं।''

पीएम मोदी ने कहा कि महिलाओं का कल्याण उनकी सरकार के हर फैसले का मार्गदर्शन करता है और प्रत्येक जिले में बालिकाओं के लिए 'स्टेम' (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित) छात्रावास स्थापित करने की नयी पहल से महिलाओं में शिक्षा और नवाचार में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है।उन्होंने कहा कि अगले वर्ष 1.5 लाख देखभालकर्ताओं को प्रशिक्षित करने और सहायक स्वास्थ्य पेशेवरों के लिए संस्थानों का विस्तार करने का निर्णय स्वास्थ्य देखभाल कार्य को औपचारिक रूप देगा, जो काफी हद तक अनौपचारिक क्षेत्र तक ही सीमित रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देखभालकर्ताओं को प्रशिक्षित करने से महिलाओं के लिए सम्मानजनक, प्रमाणित रोजगार के अवसर बनेंगे और साथ ही भारत की स्वास्थ्य क्षमता भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के बजट में अर्थव्यवस्था के नए युग के क्षेत्रों को भी शामिल किया गया है और 15,000 विद्यालयों तथा 500 महाविद्यालयों में 'एवीजीसी (एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट, गेमिंग और कॉमिक्स) कंटेंट क्रिएटर लैब्स' तथा औपचारिक रचनात्मक ढांचे की स्थापना के जरिए सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि एनीमेशन, वीएफएक्स, गेमिंग और डिजिटल कंटेंट जैसे क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचे।

पीएम मोदी ने कहा, ''ये उभरते हुए क्षेत्र हैं और महिलाओं की भागीदारी इन्हें और अधिक जीवंत बनाएगी।'' पीएम मोदी ने कहा, ''मेरा विश्वास है कि विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी।'' उन्होंने कहा कि बालिका के जन्म से लेकर महिलाओं की आकांक्षाओं की पूर्ति तक सरकार के पास ऐसे कार्यक्रम और सुधार हैं जो हर कदम पर महिलाओं के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ''चाहे बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ हो, स्वच्छ भारत, छात्रवृत्तियां, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, मुद्रा या प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना, हमारी सरकार की प्रमुख योजनाएं महिलाओं की जरूरतों और आकांक्षाओं को पूरा कर रही हैं।''

प्रधानमंत्री ने बताया कि सरकार ने एक नयी पहल की घोषणा की है, जिसमें नवाचारी वित्तीय मॉडल के जरिए समुदाय-स्वामित्व वाले खुदरा आउटलेट्स को समर्थन दिया जाएगा। उन्होंने कहा, ''जब महिलाएं बाजार तक पहुंच, आपूर्ति श्रृंखलाओं और खुदरा मंचों को नियंत्रित करती हैं, तो वे मूल्य श्रृंखला में ऊपर बढ़ती हैं। इससे पूंजी तक पहुंच, बाजार तक पहुंच और विस्तार की बाधाएं सीधे कम होती हैं।'' मोदी ने कहा कि इसे महिलाओं में उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार के प्रयासों जैसे स्वयं सहायता समूह, मुद्रा योजना और लखपति दीदी के साथ जोड़कर देखा जाना चाहिए, जिनके जरिए करोड़ों महिलाएं आत्मनिर्भर बनी हैं।

उन्होंने कहा, ''इससे महिलाओं की सामाजिक स्थिति भी मजबूत होती है।'' उन्होंने कहा कि खादी, ग्राम उद्योग, हथकरघा और हस्तशिल्प क्षेत्रों में महिलाओं की बड़ी भागीदारी रहती है। प्रधानमंत्री ने कहा, ''महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल इस क्षेत्र को प्रशिक्षण, कौशल विकास, गुणवत्ता और बाजार तक पहुंच प्रदान कर मजबूत बनाती है। राष्ट्रीय हथकरघा एवं हस्तशिल्प कार्यक्रम के तहत विभिन्न मौजूदा योजनाओं का एकीकरण भी एक समन्वित और केंद्रित दृष्टिकोण प्रदान करेगा।''

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article