Weather in India, IMD and Skymet Weather Latest Updates in Hindi: उत्तराखंड के उत्तरकाशी में सोमवार (19 दिसंबर, 2022) को भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सेसमोलॉजी के हवाले से समाचार एजेंसी एएनआई ने बताया कि भूकंप की तीव्रता 3.1 रही। ये झटके तड़के करीब डेढ़ बजे महसूस किए गए थे और उत्तरकाशी से करीब 24 किमी दूर पांच किमी जमीन से नीचे इनका केंद्र रहा। वैसे, इससे पहले छह नवंबर, 2022 को 4.5 रिक्टर स्केल के भूकंप के झटकों से उत्तराखंड में टिहरी कांपा था।
मौसम विभाग (आईएमडी) के 18 दिसंबर की रात को जारी किए फोरकास्ट बुलेटिन के मुताबिक, पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश और पंजाब के कटे और सुदूर इलाकों में अगले दो दिनों में घना कोहरा देखने को मिलेगा, जबकि इन इलाकों के साथ हरियाणा के पश्चिमी हिस्से और उत्तरी राजस्थान में अगले तीन दिन तक शीतलहर चलेगी। 20 से 22 दिसंबर के बीच तमिल नाडु के दक्षिणी तटीय इलाके के आसपास कुछ जगहों पर भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
आईएमडी ने खासकर सोमवार के संदर्भ में बताया कि हिमाचल, पंजाब और उत्तरी राजस्थान में ठंडी हवाएं चलेंगी, जबकि हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में गहरे से और गहरे कोहरे का लोगों को सामना करना पड़ सकता है। हिमाचल और यूपी के भी हिस्सों में कोहरा रहेगा।
वहीं, अंबमान और निकोबार द्वीप के आस-पास बिजली के साथ हल्की-फुल्की गर्जना हो सकती है। वहीं, 20 दिसंबर की बात करें तो आईएमडी के अनुमान के अनुसार, तमिलनाडु के तटीय इलाके, पुडुचेरी और करैकल सरीखे इलाकों के नजदीक बिजली गिर सकती है।
इस बीच, देश की राजधानी दिल्ली में कड़ाके की ठंड दस्तक दे चुकी है। शहर में सोमवार सुबह पारा 6.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया और सर्द हवाओं के चलते गलन और ठिठुरन बढ़ गई। सुबह नेशनल हाईवे-24 के पास समेत कई इलाकों में घना कोहरा देखा गया, जिससे लोगों को आवागमन में थोड़ी समस्या का सामना करना पड़ा।
दूसरी तरफ बढ़ती ठंड के बीच शहर में हवा दमघोंटू साबित हो रही है। रविवार (18 दिसंबर, 2022) को दिल्ली में एक्यूआई बहुत खराब कैटेगरी में दर्ज किया गया। दिल्ली का एक्यूआई 353 था, जबकि सर्द हवाओं के चलते हाड़ कंपाने वाली सर्दी होने लगी है।
