Weather Alert: दिल्ली में अगले दो दिन में गर्मी से थोड़ी बहुत राहत मिल सकती है। सोमवार को दिल्ली में जबरदस्त गर्मी रही, मंगलवार को थोड़ी सा राहत मिल सकती है। हालांकि बुधवार को हल्की बारिश की उम्मीद जताई गई है। वहीं बिहार में बारिश और ओलावृष्टि को लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली का हाल
दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने के साथ ही दिल्लीवालों को भीषण गर्मी झेलनी पड़ रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि मंगलवार (23 मई) से हीटवेव कम हो सकती है। दिल्ली के अलावा उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में भी गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, झारखंड के लिए 23 मई के लिए लू का अलर्ट जारी किया गया है।
क्या कहा मौसम विभाग ने
एएनआई से बात करते हुए, आईएमडी वैज्ञानिक सोमा सेन रॉय ने कहा- "हमने दक्षिण हरियाणा, दिल्ली, दक्षिण यूपी, उत्तरी एमपी, झारखंड, बिहार और बंगाल के लिए आज के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया था। कल झारखंड के अलावा किसी भी जगह के लिए हीटवेव अलर्ट नहीं दिया गया है। कल से, हम सुधार देखेंगे क्योंकि एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। इसलिए, हम उम्मीद कर रहे हैं कि इस पूरे क्षेत्र में तापमान गिरना शुरू हो जाएगा और लू की स्थिति में सुधार होगा।"
बिहार में येलो अलर्ट
बिहार के कई हिस्सों में अगले तीन-चार दिनों में गरज और बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पटना केंद्र द्वारा सोमवार को यहां जारी एक बयान के अनुसार 26 मई तक अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान से चिलचिलाती गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है क्योंकि आगामी दिनों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री की कमी आने की संभावना है।
