देश

पाकिस्तानी बोट से हथियारों और मादक पदार्थों की बरामदगी, गुजरात के डीजीपी बोले बड़ी साजिश

  • Authored by: ललित राय
  • Updated Dec 27, 2022, 09:08 PM IST

गुजरात के डीजीपी का कहना है कि हाल ही में पाकिस्तानी नौका से हथियारों और मादक पदार्थों की जब्ती के पीछे बहुत बड़ी साजिश थी।

Image

पाकिस्तानी बोट से ड्रग्स बरामद

गुजरात तट के पास बीच समुद्र में एक पाकिस्तानी नौका से जो हथियार एवं मादक पदार्थ जब्त किये गये हैं, वे सलाया और ओखा कस्बों के बीच तट पर उतारे जाने थे। पुलिस महानिदेशक आशीष भाटिया ने मंगलवार को यह जानकारी दी।उन्होंने कहा कि आतंकवाद रोधी दस्ता (एटीएस) इस बारे में जांच करेगा कि जब्त की गई इन वस्तुओं को कौन प्राप्त करने वाला था और उनका अंतिम गंतव्य कहां था। डीजीपी ने कहा कि शुरूआती जांच के मुताबिक,मादक पदार्थ को पाकिस्तान स्थित एक ड्रग माफिया ने भेजा था, जिसकी पहचान हाजी सलीम बलूच के रूप में की गई है।

ICG ने की थी बरामदगी

भारतीय तट रक्षक बल ने कहा था कि गुजरात तट के पास सोमवार तड़के चालक दल के 10 सदस्यों के साथ एक पाकिस्तानी नौका पकड़ी गई, जिसके जरिये 300 करोड़ रुपये मूल्य के हथियार, गोला-बारूद और 40 किग्रा मादक पदार्थ लाये जा रहे थे।भाटिया ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘गुजरात एटीएस इस गिरोह के पीछे मौजूद पाकिस्तानी तस्कर के अलावा उन व्यक्तियों के बारे में जांच करेगी, जो 300 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन और हथियार प्राप्त करने वाले थे, जिसे बीच समुद्र में जब्त कर लिया गया। यह भी पता लगाया जाएगा कि गुजरात तट पर उतारे जाने के बाद इन्हें कहां ले जाया जाना था।

इन जगहों पर उतारे जाने थे हथियार और ड्रग्स

उन्होंने कहा कि जब्त मादक पदार्थ और आग्नेयास्त्र गुजरात तट पर सलाया और ओखा कस्बों के बीच उतारे जाने थे। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की आपूर्ति गुजरात तट होते हुए भारत में अज्ञात व्यक्तियों को की जानी थी।सलाया और ओखा देवभूमि द्वारका जिले में स्थित तटीय कस्बे हैं।डीजीपी ने कहा, ‘‘मादक पदार्थ और आग्नेयास्त्रों को गुजरात तट पर सलाया एवं ओखा कस्बों के बीच उतारा जाना था, जहां से उन्हें किसी और को सौंपा जाना था। एटीएस इसे प्राप्त करने वाले व्यक्तियों और मादक पदार्थों को किस दिशा में ले जाया जाना था तथा इसके पीछे मौजूद तस्कर हाजी सलीम बलूच के बारे में भी जांच करेगी।’’पकड़ी गई नौका अल सोहेली पर दो गैस सिलेंडर में 300 करोड़ रुपये मूल्य की करीब 40 किग्रा हेरोइन छिपा कर रखी गई थी। छह अर्द्ध-स्वचालित इतालवी पिस्तौल, 12 मैगजीन और 120 कारतूस तीसरे सिलेंडर में छिपा कर रखी पाई गई।

भाटिया ने कहा कि एटीएस और तटरक्षक की एक संयुक्त टीम ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (IMBL) के पास बीच समुद्र में अभियान चलाने के दौरान चुनौतीपूर्ण स्थिति का सामना किया।इस तरह के अभियान आईएमबीएल के पास चलाये जाते हैं। समुद्र में लंबे समय तक रहना पड़ता है। तटरक्षक ने अभियान की योजना तैयार की और सूचना के आधार पर टीम समुद्र में करीब 140 समुद्री मील तक गई। अभियान समुद्र में छह दिनों तक चला।उन्होंने बताया कि अल सोहेली नौका कराची के पास बलूचिस्तान में ग्वादर बंदरगाह से रवाना हुई थी।भाटिया ने कहा कि पकड़ी गई नौका से गिरफ्तार किये गये 10 पाकिस्तानी नागरिक बलूचिस्तान के रहने वाले हैं।

ललित राय
ललित रायauthor

खबरों को सटीक, तार्किक और विश्लेषण के अंदाज में पेश करना पेशा है। पिछले 10 वर्षों से डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें