देश

'हम एक ही अंतरा गा रहे हैं...', वंदे मातरम विवाद के बीच शशि थरूर ने साफ किया कांग्रेस का रुख

वंदे मातरम गायन को लेकर छिड़े सियासी विवाद के बीच कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पार्टी का रुख साफ किया है। थरूर ने कहा कि कांग्रेस 1937 से ही अपनी बैठकों में राष्ट्रगान का एक और वंदे मातरम के दो छंद गाती आ रही है और यह परंपरा जारी रहेगी।

Image

वंदे मातरम विवाद के बीच शशि थरूर का बयान

Photo : ANI

राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' के गायन को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक खींचतान तेज हो गई है। शनिवार को तिरुवनंतपुरम में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने अपनी पार्टी का पक्ष स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 1937 से ही अपने कार्यक्रमों में राष्ट्रगान का एक छंद और वंदे मातरम की पहली दो पंक्तियां (छंद) गाती आ रही है और पार्टी का यही रुख आगे भी कायम रहेगा।

थरूर ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि जब बात किसी राष्ट्रीय या सरकारी कार्यक्रम की होती है, तो सभी लोग पूरे राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के सम्मान में खड़े होते हैं। लेकिन पार्टी के निजी कार्यक्रमों में 1937 से तय प्रक्रिया का ही पालन किया जाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस में यह कोई नई बात नहीं है, बल्कि दशकों पुरानी स्थापित परंपरा है।

1937 के प्रस्ताव को दोहराने के फैसले पर बीजेपी का हमला

दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस कार्यसमिति द्वारा 1937 के प्रस्ताव को दोहराने के फैसले पर तीखा हमला बोला है। भाजपा ने वंदे मातरम के ऐतिहासिक गौरव और सम्मान को लेकर एक बड़ा प्रस्ताव पारित किया है। भाजपा का कहना है कि वंदे मातरम भारत की राष्ट्रीय चेतना का अमर प्रतीक और स्वतंत्रता संग्राम का मूल मंत्र है, इसलिए इसके पूरे छह छंदों का सम्मान होना चाहिए।

भाजपा ने ऐलान किया है कि वह कांग्रेस के इस फैसले के खिलाफ देशव्यापी जन-जागरूकता अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता देश के हर कोने में जाकर युवाओं को वंदे मातरम के इतिहास, इसके अर्थ और स्वतंत्रता संग्राम में इसके योगदान के बारे में बताएंगे। भाजपा ने कहा कि तुष्टिकरण या वोट बैंक की राजनीति के तहत राष्ट्रगीत के सम्मान से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article