Operation Sindoor: एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी दुनिया के समझ पाकिस्तान के नापाक मंसूबों की पोल खोलेंगे। भारत सरकार के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल होने पर ओवैसी ने कहा कि हम भारत सरकार और देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं... हम एआईएमआईएम, एनसीपी या किसी और पार्टी का प्रतिनिधित्व करने नहीं जा रहे हैं।
ओवैसी के मुताबिक, वह यूके, फ्रांस, बेल्जियम, जर्मनी, इटली और डेनमार्क का दौरा करने वाले हैं। हालांकि, उनका मानना है कि विदेश यात्रा पर जाने से पहले एक डिटेल मीटिंग होगी जहां पर उन्हें विस्तृत जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि...यह किसी पार्टी से जुड़ा नहीं है... जाने से पहले हम एक और विस्तृत बैठक करेंगे... यह एक महत्वपूर्ण कार्य है। मैं इस जिम्मेदारी को अच्छी तरह से निभाने की पूरी कोशिश करूंगा।
सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल दुनिया के सामने खोलेगा PAK की पोल
सरकार संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सदस्य देशों समेत प्रमुख साझेदार देशों में इस महीने के अंत में सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भेजेगी जो पहलगाम आतंकवादी हमले और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के मद्देनजर आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करने के भारत के संदेश को उन तक पहुंचाएंगे।
ओवैसी ने क्या कुछ कहा?
समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में ओवैसी ने कहा, ''...अभी तक मुझे पता है कि मैं जिस समूह से जुड़ा हूं, उसका नेतृत्व मेरे अच्छे मित्र बैजयंत पांडा करेंगे। मुझे लगता है कि इस समूह में निशिकांत दुबे, फागनोन कोन्याक, रेखा शर्मा, सतनाम सिंह संधू और गुलाम नबी आज़ाद शामिल होंगे। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि वह यूके, फ्रांस, बेल्जियम, जर्मनी, झटली और डेनमार्क जा सकते हैं।
PAK पर जमकर बरसे ओवैसी
ओवैसी ने कहा कि हम भारत सरकार और अपने देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं... हम उन देशों में जाकर बताएंगे कि कैसे हमारी बेटियां विधवा हो रही हैं, हमारे बच्चे अनाथ हो रहे हैं और कैसे पाकिस्तान हमारे देश को अस्थिर करना चाहता है। हम 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं। अगर भारत में अस्थिरता होती है, तो इसका असर पूरी दुनिया पर पड़ेगा... यह कभी न भूलें कि 21 नागरिक भी मारे गए हैं (सीमा पार से गोलाबारी में)। पुंछ में चार बच्चे भी शामिल हैं। हमारे पांच जवान शहीद हो गए। हम यह तमाम बातें दुनिया के सामने रखेंगे... हम अपनी पूरी क्षमता से भारत सरकार के विजन को पेश करेंगे।
