देश

महाराष्ट्र MLC चुनाव: 11 सीटों पर 12 उम्मीदवार, MVA के तीसरे उम्मीदवार पर पेच, क्रॉस वोटिंग की लगाई आस

लोकसभा मुकाबले के बाद महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ एनडीए बनाम इंडिया गठबंधन के बीच एक और दौर का मुकाबला हो रहा है। इस मुकाबले को सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा है ...

Image

एमवीए बनाम महायुति की जंग

Maharashtra Legislative Council Elections: महाराष्ट्र विधान परिषद की 11 सीटों पर चुनाव के लिए विधान भवन परिसर में मतदान जारी है। शिवसेना के संजय गायकवाड ने गुप्त मतदान प्रणाली के माध्यम से पहला वोट डाला। विधान परिषद की 11 सीटों पर हो रहे चुनाव के लिए कुल 12 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान शुक्रवार सुबह नौ बजे से शाम 4 बजे तक होना है। हालांकि, शिवसेना (उद्धव बाला साहेब ठाकरे) ने मांग की है कि मुंबई में भारी बारिश के कारण मतदान का समय एक घंटे के लिए बढ़ाया जाए।

दोपहर तक 203 विधायकों ने डाले वोट

महाराष्ट्र विधान परिषद की 11 सीट पर चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह से मतदान जारी है और दोपहर तक 203 विधायकों ने वोट डाले हैं। राज्य विधानमंडल के ऊपरी सदन की 11 सीट के लिए 12 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राज्य की 288 सदस्यीय विधानसभा इन चुनावों के लिए निर्वाचक मंडल है। वर्तमान में इसमें संख्या बल 274 है। यहां विधान भवन परिसर में सुबह नौ बजे मतदान शुरू हुआ और यह शाम चार बजे तक जारी रहेगा। मतगणना शाम पांच बजे की जाएगी। विधान परिषद के 11 सदस्य का कार्यकाल 27 जुलाई को खत्म होने जा रहा है। भाजपा ने पांच उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं, जबकि उसके महायुति सहयोगी शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने दो-दो उम्मीदवार खड़े किए किए हैं।

कुल 11 सीटों के लिए 12 उम्मीदवार

राज्य की 288 सदस्यीय विधानसभा इन चुनावों के लिए निर्वाचक मंडल है। फिलहाल इसमें संख्या बल 274 है। भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव मैदान में पांच उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि महायुति के उसके गठबंधन सहयोगियों शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने दो-दो उम्मीदवार खड़े किए हैं। कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) ने एक-एक उम्मीदवार मैदान में उतारा है, जबकि महा विकास आघाड़ी (एमवीए) की उनकी सहयोगी एनसीपी (शरद चंद्र पवार) पीजेंट्स एंड वर्कर्स पार्टी (पीडब्ल्यूपी) के उम्मीदवार का समर्थन कर रही है। इस तरह से 11 सीटों के लिए 12 उम्मीदवार मैदान में हैं।

एमवीए को क्रॉस वोटिंग का भरोसा

एमवीए के पास तीसरे उम्मीदवार को निर्वाचित कराने के लिए पर्याप्त संख्या बल नहीं है, लेकिन वह महायुति के घटक एनसीपी और शिवसेना के कुछ विधायकों पर भरोसा कर रही है कि वे उसके पक्ष में क्रॉस वोटिंग करेंगे। पिछले कुछ दिनों में, राकांपा (शरद चंद्र पवार) ने दावा किया है कि अजीत पवार के नेतृत्व वाले प्रतिद्वंद्वी खेमे के कुछ विधायक लोकसभा चुनावों में एमवीए के बेहतर प्रदर्शन के बाद संभावित वापसी के लिए उनकी पार्टी के संपर्क में हैं।

विधानसभा चुनाव से पहले सेमीफाइनल

लोकसभा मुकाबले के बाद महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ एनडीए बनाम इंडिया गठबंधन के बीच एक और दौर का मुकाबला हो रहा है। इस मुकाबले को सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा है क्योंकि नतीजों से पता चलेगा कि सत्तारूढ़ महायुति की एकता बरकरार है या अक्टूबर-नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कुछ विधायक पाला बदल सकते हैं। ऐसी चर्चा है कि लोकसभा नतीजों के बाद एनसीपी अजित पवार के खेमे के कुछ विधायक पाला बदल सकते हैं, क्योंकि उन्हें विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता में लौटने का भरोसा नहीं है।

महायुति बनाम एमवीए की लड़ाई

एनडीए में बीजेपी, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी शामिल है। जबकि इंडिया ब्लॉक में कांग्रेस, शरद पवार की एनसीपी और उद्धव ठाकरे की शिवसेना शामिल है। महाराष्ट्र में एनडीए गठबंधन को महायुति कहा जाता है जबकि इंडिया गठबंधन को महा विकास अघाड़ी (एमवीए) कहा जाता है। सत्तारूढ़ महायुति ने 9 उम्मीदवार (भाजपा 5, शिवसेना 2, एनसीपी 2) मैदान में उतारे हैं, जबकि विपक्षी एमवीए ने 3 (कांग्रेस 1, सेना यूबीटी 1, एनसीपी (शरद पवार) उम्मीदवार उतारे हैं जबकि सहयोगी पीजेंट्स एंड वर्कर्स पार्टी के जयंत पाटिल को समर्थन दिया है। देखना है कि आज मतदान के दौरान क्या स्थिति रहती है। क्या क्रॉस वोटिंग होगी या एनडीए अपनी एकता बरकरार रखेगा।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article