देश

उपराष्ट्रपति चुनाव: सबसे पहले पीएम मोदी ने डाला वोट, जानिए कौन-कौन से दिग्गज नेता पहुंचे मतदान करने

संसद के दोनों सदनों के सदस्य मंगलवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच संसद भवन में अपना वोट डालेंगे। मतगणना शाम 6 बजे शुरू होगी और परिणाम देर शाम घोषित किए जाएंगे।

Image

उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार राधाकृष्णन के साथ पीएम मोदी (फोटो PTI/ANI)

Vice Presidential Election: उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान शुरू हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले अपना वोट डाला। इस चुनाव में सत्तारूढ़ एनडीए के उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन और संयुक्त विपक्षी उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी के बीच सीधा मुकाबला है, और जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे के कारण हो रहे इस चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को स्पष्ट बढ़त हासिल है।

शुरुआती वोटरों में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अर्जुन राम मेघवाल और किरण रिजिजू शामिल थे। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, भाजपा सांसद कंगना रनौत और सपा नेता राम गोपाल यादव भी वोट डालने आए। संसद के दोनों सदनों के सदस्य मंगलवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच संसद भवन में अपना वोट डालेंगे। मतगणना शाम 6 बजे शुरू होगी और परिणाम देर शाम घोषित किए जाएंगे।

ये सांसद पहुंचे वोट डालने

सुबह जल्दी वोट डालने वालों में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, मेघवाल, प्रहलाद जोशी, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, सपा नेता राम गोपाल यादव, कांग्रेस नेता जयराम रमेश और नासिर हुसैन शामिल थे। 92 वर्षीय गौड़ा व्हीलचेयर पर मतदान केंद्र पहुंचे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे हाथ में हाथ डाले मतदान केंद्र तक जाते देखे गए।

होता है गुप्ता मतदान

गुप्त मतदान प्रणाली के तहत होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव में सांसदों को पार्टी व्हिप द्वारा मतदान करने की कोई बाध्यता नहीं है। उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल में कुल 788 सदस्य होते हैं - 245 राज्यसभा से और 543 लोकसभा से। राज्यसभा के 12 मनोनीत सदस्य भी चुनाव में मतदान के पात्र होते हैं। निर्वाचक मंडल की वर्तमान सदस्य संख्या 781 है क्योंकि राज्यसभा में छह और लोकसभा में एक सीट रिक्त है। इस प्रकार बहुमत का आंकड़ा 391 है। एनडीए के पास 425 सांसद हैं, जबकि विपक्षी खेमे के पास 324 सांसदों का समर्थन है।

दक्षिण भारत से हैं दोनों प्रत्याशी

इस बार दिलचस्प बात यह है कि दोनों उम्मीदवार दक्षिण भारत से ताल्लुक रखते हैं। सी.पी. राधाकृष्णन तमिलनाडु से आते हैं, ओबीसी समुदाय से हैं और आरएसएस की पृष्ठभूमि वाले वरिष्ठ भाजपा नेता हैं। वे महाराष्ट्र के वर्तमान राज्यपाल हैं और दो बार कोयंबटूर से सांसद रह चुके हैं। बी. सुदर्शन रेड्डी तेलंगाना से हैं और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश रह चुके हैं। वह गोवा के लोकायुक्त भी रह चुके हैं और कई संवेदनशील मामलों पर ऐतिहासिक फैसले दे चुके हैं।

राधाकृष्णन का पलड़ा भारी

आंकड़ों के लिहाज से राधाकृष्णन का पलड़ा भारी माना जा रहा है क्योंकि राजग को स्पष्ट बहुमत प्राप्त है। हालांकि, विपक्ष इसे वैचारिक लड़ाई बता रहा है। बी. सुदर्शन रेड्डी ने कहा है कि यह सिर्फ एक व्यक्ति का चुनाव नहीं, बल्कि "भारत की भावना" का सवाल है। AIMIM ने रेड्डी को समर्थन दिया है। बीजू जनता दल (BJD) और बीआरएस ने वोटिंग में भाग न लेने का फैसला किया है। दोनों पक्षों ने मतदान से एक दिन पहले अपने सांसदों के लिए 'मॉक वोटिंग' का आयोजन किया ताकि वोटों को वैध बनाए रखा जा सके। पिछली बार कई वोट अवैध घोषित हुए थे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article